
बांग्लादेश में अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले मंत्री कौन हैं?
BBC
तारिक़ रहमान के मंत्रिमंडल में कुल 50 मंत्री शामिल हैं. इसमें अल्पसंख्यक समुदाय से आने वाले दो सांसदों को भी जगह दी गई है.
बांग्लादेश में आम चुनाव के बाद सरकार का गठन हो चुका है.
मंगलवार को नए सांसदों और तारिक़ रहमान मंत्रिमंडल ने पद की शपथ ली.
13वें राष्ट्रीय संसद चुनाव में दो-तिहाई सीटें जीतने के बाद बीएनपी ने मंगलवार को सरकार बनाई है. बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने तारिक़ रहमान को प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाई.
वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिरुद्दीन ने नवनिर्वाचित संसद सदस्यों को शपथ दिलाई.
आम चुनाव में 299 सीटों में से बीएनपी ने अकेले 209 और उसके गठबंधन ने कुल 212 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है.
बीबीसी हिंदी के व्हॉट्सऐप चैनल से जुड़ने के लिए यहाँ क्लिक करें
तारिक़ रहमान मंत्रिमंडल में कुल 50 लोगों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली है. प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान के अलावा इनमें 25 ने कैबिनेट मंत्री और 24 ने राज्य मंत्री के तौर पर पद की शपथ ली है.













