
'पुतिन चाहें तो यूक्रेन को तबाह कर देंगे', व्हाइट हाउस में जेलेंस्की से बोले ट्रंप, कई बार हुई तीखी बहस
AajTak
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ज़ेलेंस्की को रूस के प्रस्ताव को स्वीकार करने की सलाह दी. ट्रंप ने चेतावनी दी कि यदि यूक्रेन रूस की शर्तें नहीं मानेगा तो पुतिन यूक्रेन को तबाह कर देंगे. बैठक के दौरान ट्रंप ने ज़ेलेंस्की से डोनबास क्षेत्र रूस को सौंपने को कहा और कहा कि यूक्रेन युद्ध हार रहा है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की की हाल ही में व्हाइट हाउस में मुलाकात हुई थी. इस बैठक के दौरान ट्रंप ने जेलेंस्की को रूस के प्रस्ताव को मानने की सलाह दी. इतना ही नहीं, ट्रंप ने ये भी कहा कि अगर यूक्रेन रूस की शर्तों पर सहमत नहीं होता, तो पुतिन यूक्रेन को तबाह कर देंगे.
ट्रंप और जेलेंस्की के बीच हुई बैठक में कई बार गरमागरमी हुई. ये मीटिंग कई बार झगड़े जैसी स्थिति में पहुंच गई, जिसमें ट्रंप लगातार गुस्से में बोलते रहे और अपशब्दों का इस्तेमाल करते रहे. बैठक के दौरान ट्रंप ने यूक्रेन के युद्ध क्षेत्र के नक्शे एक तरफ फेंक दिए और ज़ेलेंस्की से कहा कि उन्हें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को पूरा डोनबास क्षेत्र सौंप देना चाहिए. ट्रंप ने ज़ेलेंस्की से यह भी कहा कि वह यह जंग हार रहे हैं और चेतावनी दी कि अगर पुतिन चाहें तो तुम्हें पूरी तरह तबाह कर देंगे.
बता दें कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की शुक्रवार को व्हाइट हाउस पहुंचे थे. इस दौरान उनकी ट्रंप से मुलाकात हुई. जेलेंस्की को उम्मीद थी कि उन्हें रूस के खिलाफ लड़ाई के लिए नए हथियार मिलेंगे, लेकिन ट्रंप ने साफ कर दिया कि उनका ध्यान अब शांति समझौते पर है, न कि यूक्रेन की सैन्य ताकत बढ़ाने पर.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, 2 घंटे चली इस बैठक में ज़ेलेंस्की ने अमेरिका से लंबी दूरी की टोमहॉक मिसाइलें मांगीं, लेकिन ट्रंप ने इस पर ठंडा रुख दिखाया. उन्होंने कहा कि वह आने वाले हफ्तों में हंगरी में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलने वाले हैं, और फिलहाल वह दोनों देशों के बीच जंग रोकने पर ज़्यादा ध्यान देना चाहते हैं.
बैठक के बाद ट्रंप ने कहा कि मैंने राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की और राष्ट्रपति पुतिन दोनों से कहा है कि अब यह युद्ध तुरंत बंद होना चाहिए. जहां लड़ाई चल रही है, वहीं रुक जाओ और अपने-अपने घर लौट जाओ. अब हत्या बंद होनी चाहिए.
जेलेंस्की से मुलाकात के एक दिन पहले ट्रंप और पुतिन की फोन पर बातचीत हुई थी. ट्रंप ने खुद को दोनों पक्षों यानी रूस और यूक्रेन के बीच मध्यस्थ के रूप में पेश किया. ट्रंप ने कहा कि मेरा मानना है कि राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की भी जंग खत्म करना चाहते हैं और राष्ट्रपति पुतिन भी. अब बस दोनों को थोड़ा साथ निभाना होगा.

पश्चिम एशिया के हालात सुधरते नहीं दिख रहे..ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट पर 5 दिनों तक हमला ना करने की हामी जरूर भरी है लेकिन अब भी हमले थमे नहीं है. पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए भारत ने भी अपनी तैयारी मुकम्मल कर रखी है. राजनाथ सिंह ने एक हाईलेवल मीटिंग बुलाकर तैयारी की समीक्षा की. तो भारतीय एलपीजी टैंकरों की सुरक्षा के लिए भारतीय युद्धपोत हॉर्मुज पहुंच चुके हैं. पीएम मोदी ने कल लोकसभा में साफ कह दिया था कि तेल सप्लाई में रुकावट या नागरिकों और पावर प्लांट पर हमला मंजूर नहीं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान जंग पर राज्यसभा में कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे इस युद्ध को तीन हफ्ते से ज्यादा का समय हो चुका है. इसने पूरे विश्व को गंभीर ऊर्जा संकट में डाल दिया है. इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है. गल्फ देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं. उनके जीवन की रक्षा भी भारत के लिए चिंता का विषय है. होर्मुज स्ट्रेट में बड़ी संख्या में जहाज फंसे हैं. उनके क्रू मेंबर्स भी अधिकतर भारतीय हैं. यह भी भारत के लिए चिंता का विषय है. ऐसे में जरूरी है कि भारत के इस उच्च सदन से दुनिया में संवाद का संदेश जाए. हम गल्फ के देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं. हम ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं. हमने डीएस्केलेशन और होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने पर भी लगातार बात की है. भारत ने नागरिकों पर, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर, एनर्जी और ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों का विरोध किया है.











