
पिछली हार नहीं भूला होगा पाकिस्तान... T20 वर्ल्ड कप में आज अमेरिका से टक्कर, उलटफेर की फिर पूरी गुंजाइश
AajTak
टी20 वर्ल्ड कप में संयुक्त राज्य अमेरिका और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं. पिछले टी20 वर्ल्ड कप में अमेरिकी टीम ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराकर काफी सुर्खियां बटोरी थीं. इस बार भी माहौल कुछ वैसा ही बन सकता है.
आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार (10 फरवरी) को पाकिस्तान और अमेरिका के बीच ब्लॉकबस्टर मुकाबला होने वाला है. यह मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे से कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में शुरू होगा. लगभग 20 महीने पहले टी20 विश्व कप 2024 में अमेरिका ने पाकिस्तान को सुपर ओवर में हराया था. पाकिस्तानी टीम और उसके फैन्स के जेहन में उस कड़वी हार की यादें अब भी मौजूद हैं.
एक तरह से संयुक्त राज्य अमेरिका ने अपने पहले टी20 विश्व कप में ही पाकिस्तान को मात देकर अपने आगमन का संदेश दे दिया था. हालांकि मौजूदा वर्ल्ड कप में उसकी शुरुआत अच्छी नहीं रही है. भारत के खिलाफ अपने पहले मैच में हार का सामना करने के बाद अमेरिकी टीम कप्तान मोनांक पटेल की अगुवाई में शानदार वापसी की कोशिश करेगी.
नीदरलैंड्स के हाथों हारने से बचा था PAK संयुक्त राज्य अमेरिका यदि पाकिस्तान को एक बार फिर धूल चटा दे, तो हैरानी की बात नहीं होनी चाहिए. पाकिस्तानी टीम की बल्लेबाजी जिस तरह से मिडिल ओवर्स में ढह रही है, वो अमेरिकी टीम के लिए प्लस पॉइंट हैं. पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 148 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की थी, लेकिन मध्यक्रम ने गच्चा दे दिया था.
इसके बाद फहीम अशरफ की साहसिक पारी ने पाकिस्तानी टीम को किसी तरह जीत दिलाई थी. पाकिस्तान की बल्लेबाजी में पूर्व कप्तान बाबर आजम पर निगाहें रहेंगी, जिन्होंने टी20 इंटरनेशनल में फिर से वापसी की है. ओपनर सैम अयूब से भी बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी, जो हाल ही में स्पिन गेंदबाजी में ज्यादा सक्रिय रहे हैं.
कप्तान सलमान अली आगा ने नीदरलैड्स पर जीत के बाद कहा था, 'हमने अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन विकेट गिरने से दबाव बढ़ गया. ऐसे मैचों में हमें दबाव को सहन करना सीखना होगा. एक बार जब कोई खिलाड़ी इनिंग्स में जम जाए, तो उसे सुनिश्चित करना होगा कि वह मैच को समाप्त करे.'
संयुक्त राज्य अमेरिका की टीम भी अपने ओपनिंग बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है. मोनांक पटेल ने स्वीकार किया कि भारत के खिलाफ पावरप्ले में उनके खिलाड़ी ढीले शॉट्स खेल रहे थे. वहीं तेज गेंदबाज सौरभ नेत्रवालकर भी पाकिस्तान के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करने की लालसा रखेंगे. हालांकि, उनके साथी पेसर अली खान की फिटनेस पर सवाल हैं, जो भारत के खिलाफ मैच के दौरान मैदान से बाहर चले गए थे. अमेरिकी टीम की गेंदबाजी ने पहले मैच में कुछ उम्मीद जगाई थी. साउथ अफ्रीका में जन्मे शैडली वैन शल्कविक की अगुवाई में अमेरिकी टीम ने गेंदबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया था.

14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल डेब्यू पर ही छक्का लगाकर सभी को चौंका दिया था. मैच से पहले राहुल द्रविड़ और संजू सैमसन ने उनसे गेम प्लान पूछा था, जिस पर उन्होंने कहा था कि अगर गेंद उनके एरिया में आई तो उसे छक्का मारेंगे. मैदान पर उन्होंने ठीक वही करके दिखाया और अपने आत्मविश्वास से सबको प्रभावित किया.

नई दिल्ली में आयोजित नमन अवॉर्ड्स 2026 में शुभमन गिल और स्मृति मंधाना को साल के सर्वश्रेष्ठ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर का सम्मान मिला. गिल को पुरुष वर्ग में पॉली उमरीगर अवॉर्ड मिला, जबकि मंधाना को महिला वर्ग में बीसीसीआई का बेस्ट इंटरनेशनल क्रिकेटर चुना गया. 2025 में दोनों खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया.

जय शाह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर कहा कि कोई भी टीम आईसीसी से बड़ी नहीं है. टूर्नामेंट से पहले बांग्लादेश के हटने और पाकिस्तान के बहिष्कार की धमकी जैसी कई विवादित स्थितियां थीं, लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट सफल रहा और भारत ने खिताब जीता. शाह ने बताया कि वर्ल्ड कप ने व्यूअरशिप के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए.










