
नोएडा के निजी स्कूल में बड़ी लापरवाही, 7 घंटे स्कूल बस में बंद रहा UKG का मासूम, रो-रोकर हुआ बुरा हाल
ABP News
Noida News In Hindi: गुरुवार सुबह परिजनों ने बच्चे को स्कूल बस में बिठाया था लेकिन रास्ते में वो सो गया और बस से नहीं उतर पाया. आरोप है स्टाफ ने बस को चेक किए बिना ही बस को यार्ड में खड़ा कर दिया.
नोएडा के एक निजी स्कूल में चौंकाने वाली और बेहद गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है जिसने अभिभावकों को झकझोर कर रख दिया है. स्कूल में यूकेजी में पढ़ने वाला एक मासूम छात्र करीब 7 घंटे तक स्कूल बस के अंदर बंद रहा और किसी ने उसकी सुध नहीं ली. बस को स्कूल से लगभग 25 किलोमीटर दूर एक सुनसान पार्किंग यार्ड में खड़ा कर दिया गया था, जबकि बच्चा उसी के भीतर सोया रह गया.
परिजनों के अनुसार गुरुवार सुबह बच्चे को रोज की तरह स्कूल बस में बिठाया था लेकिन रास्ते में उसकी आँख लग गई और वो सो गया. आरोप है कि स्कूल पहुंचने के बाद बस स्टाफ ने यह जांच नहीं की कि सभी बच्चे उतर चुके हैं या नहीं और बस को सीधे पार्किंग यार्ड में खड़ा कर दिया गया. इस दौरान बच्चा सुबह से दोपहर तक बस के अंदर ही बंद रहा.
दोपहर में जब छुट्टी के समय मां बच्चे को लेने पहुंचीं तो वह स्टैंड पर मौजूद नहीं था. स्कूल प्रशासन से संपर्क करने पर पहले स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. काफी खोजबीन के बाद बच्चा पार्किंग यार्ड में खड़ी उसी बस के अंदर मिला. परिजनों का कहना है कि बच्चा पसीने से तरबतर था और बुरी तरह घबराया हुआ था. वह लगातार रो रहा था.
गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, वरना स्थिति भयावह हो सकती थी. पीड़ित बच्चे की मां ने इस घटना के बाद एक भावुक ओपन लेटर लिखा, जिसमें उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए. मां ने कहा कि क्लास रजिस्टर में बच्चे को अनुपस्थित दर्ज कर दी गई, जबकि बस अटेंडेंस रजिस्टर में उसकी उपस्थिति दर्ज थी. इसके बावजूद उन्हें अनुपस्थिति की कोई सूचना नहीं दी गई.













