
नीतीश कुमार के फैसले से उनके गांव के ही लोग नहीं खुश! कहा- RJD को देंगे समर्थन
ABP News
Nitish Kumar Rajya Sabha Nomination: नीतीश कुमार के गांववालों का कहना है कि उन्होंने इस वादे पर भरोसा कर के NDA को वोट दिया था कि 2030 तक नीतीश की सरकार रहेगी. अगर ऐसा नहीं होता है तो वे तेजस्वी यादव को वोट करेंगे.
बिहार में हो रहे राज्यसभा नामांकन को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है. इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम की चर्चा ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया है. माना जा रहा है कि अब लगभग यह तय हो गया है कि नीतीश कुमार राज्यसभा के लिए नामांकन कर सकते हैं और ऐसे में वह बिहार की सत्ता की कमान छोड़ सकते हैं.
इस संभावित फैसले की चर्चा जैसे ही उनके पैतृक गांव कल्याण बिगहा तक पहुंची तो यहां के ग्रामीणों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखने को मिल रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने हमेशा नीतीश कुमार को अपना नेता मानकर समर्थन दिया है और विधानसभा चुनाव में भी उनके चेहरे पर ही वोट दिया था.
2030 तक नीतीश सरकार के लिए किया था वोट
गांव के लोगों का कहना है कि चुनाव के समय यह नारा दिया गया था कि 25 से 30 फिर से नीतीश कुमार और इसी भरोसे पर उन्होंने वोट दिया था, लेकिन अब अगर वह मुख्यमंत्री पद छोड़कर राज्यसभा जाते हैं तो यह जनता के भरोसे के साथ धोखा होगा.













