
दिल्ली NCR को मिला दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, 28 मार्च को PM मोदी करेंगे जेवर एयरपोर्ट का लोकार्पण
ABP News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गौतम बुद्ध नगर के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन करेंगे. IGI एयरपोर्ट के बाद यह दिल्ली NCR का दूसरा इंटरनेशनल एयरपोर्ट होगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (28 मार्च 2026) को उत्तर प्रदेश दौरे पर जाएंगे, जहां दोपहर करीब 12 बजे वो गौतम बुद्ध नगर के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के फेज-1 का उद्घाटन करेंगे. इससे पहले सुबह 11:30 बजे वो एयरपोर्ट के टर्मिनल बिल्डिंग का भी दौरा करेंगे.
11,200 करोड़ रुपये की लागत से बना देश का बड़ा एयरपोर्टनोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स में से एक है. इसे करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल पर बनाया गया है. शुरुआत में इस एयरपोर्ट की क्षमता 12 मिलियन पैसेंजर प्रति साल होगी. पूरी तरह तैयार होने के बाद यह 70 MPPA तक बढ़ाई जा सकती है.
एयरपोर्ट पर 3,900 मीटर लंबा रनवे है जो चौड़े बॉडी वाले बड़े विमान उतारने में सक्षम है. यहां इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और एडवांस एयरफील्ड लाइटिंग भी लगाई गई है ताकि 24 घंटे हर मौसम में ऑपरेशन हो सके.
कार्गो हब भी होगा बड़ाएयरपोर्ट में मल्टी-मोडल कार्गो हब भी बनाया गया है. इसमें इंटीग्रेटेड कार्गो टर्मिनल और लॉजिस्टिक्स जोन शामिल हैं. शुरुआत में यह 2.5 लाख मेट्रिक टन सालाना कार्गो संभाल सकेगा, जो आगे बढ़कर 18 लाख मेट्रिक टन तक हो सकता है. साथ ही 40 एकड़ का MRO (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) फैसिलिटी भी है.













