
अजित पवार प्लेन क्रैश: CM फडणवीस बोले, 'साजिश पता चली तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा'
ABP News
Ajit Pawar Plane Crash News: महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि विमान हादसे के संबंध में AAIB की अंतरिम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है.
महाराष्ट्र विधानसभा में उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़े विमान हादसे को लेकर बुधवार (25 मार्च) को जोरदार चर्चा हुई. इस दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सदन में स्पष्ट कहा कि अगर इस विमान दुर्घटना में किसी प्रकार का घातपात (साजिश) सामने आता है तो दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले में यदि साजिश की आशंका सामने आती है तो “जिसने भी यह किया है, उसे ढूंढकर बाहर निकालेंगे.” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिर्फ महाराष्ट्र की बदनामी करने के उद्देश्य से कर्नाटक सरकार ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर उसे राज्य को भेजा है.
CM फडणवीस ने आगे कहा, ''विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद वह उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के साथ केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात करेंगे और इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से जांच कराने की मांग करेंगे. मुख्यमंत्री विपक्ष द्वारा लाए गए अंतिम सप्ताह प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब दे रहे थे.
महाराष्ट्र के सीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विमान दुर्घटना के संबंध में एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की अंतरिम रिपोर्ट प्राप्त हो चुकी है, लेकिन अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के सभी कारणों और परिस्थितियों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा. उन्होंने कहा, ''इस मामले को लेकर विधायक रोहित पवार जो प्रयास कर रहे हैं वह सराहनीय हैं, लेकिन यह समझना भी जरूरी है कि इस घटना की सच्चाई सामने लाने की भावना सभी की है.''













