
'कहीं बहुत देर ना हो जाए', ईरान की लीडरशिप पर भड़के डोनाल्ड ट्रंप, कहा- वो हमसे भीख मांग रहे...
ABP News
Iran US Isreal War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ चल रही बातचीत को लेकर कड़ा रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि ईरानी वार्ताकार 'अलग और अजीब' व्यवहार कर रहे हैं.
डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की ओर से बातचीत करने वाले नेताओं को अलग और बहुत ही अजीब बताया है. यूएस प्रेसिडेंट ने दावा किया है कि वे हमसे समझौता करने की भीख मांग रहे हैं, जो उन्हें करना ही चाहिए क्योंकि वे सैन्य रूप से पूरी तरह तबाह हो चुके हैं और उनकी वापसी की कोई संभावना नहीं है.
ट्रंप ने नाराजगी जताते हुए कहा, 'वे सार्वजनिक रूप से कह रहे हैं कि वे केवल हमारे प्रस्ताव पर विचार कर रहे हैं. ये गलत है. उन्हें जल्द ही गंभीरता दिखानी चाहिए. इससे पहले कि बहुत देर हो जाए क्योंकि एक बार ऐसा हो गया तो फिर पीछे मुड़ना संभव नहीं होगा और परिणाम अच्छे नहीं होंगे.'
ट्रंप ने सोशल ट्रूथ पर नाटो को पागल राष्ट्र बताया और कहा कि ईरान के साथ जंग में उन्होंने अमेरिकी की मदद करने के लिए कुछ भी नहीं किया. उन्होंने ईरान जंग और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की स्थिति को लेकर नाटो सहयोगियों पर कई बार निशाना साधा है. पिछले 2-3 दिन दिनों से ट्रंप बार-बार शांति वार्ता की बात कह रहे हैं, जबकि ईरान ने हर बार कहा है कि अमेरिका के साथ उनकी कोई बात नहीं हो रही है और जंग तेहरान की शर्तों पर खत्म होगी.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पश्चिम एशिया में युद्ध में जीत का दावा करते हुए कहा कि ईरान परमाणु हथियार कभी नहीं रखने पर सहमत हो गया है और उसने होर्मुज ऑफ होर्मुज से जुड़ी एक महत्वपूर्ण सौगात भेजी है.













