दर्द से कराह रही थी गर्भवती महिला, अस्पताल ने नहीं किया भर्ती तो सड़क पर दिया बच्चे को जन्म
AajTak
तिरुपति में मैटरनिटी अस्पताल ने गर्भवती महिला को भर्ती नहीं किया. जिसके बाद मजबूरी में महिला को सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ गया. अजनबी लोगों ने महिला की डिलीवरी में मदद की. वीडियो वायरल हुआ तो तिरुपति जिला स्वास्थ्य प्रभारी श्रीहरि ने घटना की जांच के आदेश दे डाले.
आंध्र प्रदेश के तिरुपति से एक ऐसा वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें अस्पताल द्वारा भर्ती न करने पर गर्भवती महिला को सड़क पर ही बच्चे को जन्म देना पड़ गया. मामला तिरुपति मैटरनिटी अस्पताल का है. अस्पताल के बाहर ही महिला को सड़क पर प्रसव पीड़ा होने लगी तो अजनबी लोग मदद के लिए 'भगवान' बनकर सामने आ गए.
उन्होंने महिला की डिलीवरी करवाई. इस दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने इसका वीडियो बना लिया और वायरल कर दिया. वीडियो में दिखा कि कुछ महिलाओं ने गर्भवती महिला को कवर करने के लिए बेडशीट पकड़ी हुई है. जबकि, महिला दर्द से चिल्ला रही है और एक पुरुष बच्चे को जन्म देने में उसकी मदद कर रहा है.
क्या बोलकर नहीं किया महिला को भर्ती? बताया जा रहा है कि महिला को कथित तौर पर अस्पताल के कर्मचारियों ने कहा था कि वे उसे भर्ती नहीं कर सकते क्योंकि उसके साथ कोई नहीं था. जिस व्यक्ति ने उसे बच्चे को जन्म देने में मदद की वह एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में काम करता है.
जिला स्वास्थ्य प्रभारी ने दिए जांच के आदेश महिला और बच्चे को बाद में अस्पताल ले जाया गया और अब यह आश्वासन दिया गया है कि परिचारक के बिना भी किसी गर्भवती महिला को भर्ती करने से मना नहीं किया जाएगा. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद तिरुपति जिला स्वास्थ्य प्रभारी श्रीहरि ने कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

हैदराबाद में आगामी रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि साल 2010 से लगातार शोभा यात्रा आयोजित की जा रही है, लेकिन हर साल पुलिस की ओर से बाधाएं खड़ी की जाती हैं. उनका आरोप है कि सिदंबर बाजार, पुराना पुल और बेगम बाजार जैसे इलाकों में विशेष रूप से लाठीचार्ज के लिए टास्क फोर्स तैनात की जाती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि हर साल उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाती है और इस बार भी पुलिस अपनी गलतियों का ठीकरा उन पर फोड़ सकती है.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक कुमार खरात पर दुष्कर्म, शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामला एक गर्भवती महिला की शिकायत से सामने आया, जिसके बाद स्पाई कैमरे से 100 से ज्यादा वीडियो मिले. कई महिलाओं ने सालों तक शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है, जिसमें और बड़े खुलासों की आशंका है.










