
तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज सहित तीन मेट्रो कॉरिडोर का होगा एक्सटेंशन, दिल्ली सरकार ने दी मंजूरी
ABP News
Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 12,014.91 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना का चरण V(A) राष्ट्रीय राजधानी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को और मजबूत करेगा.
दिल्ली की रेखा गुप्ता सरकार ने बुधवार (11 फरवरी) को तीन मेट्रो कॉरिडोर के एक्सटेंशन को मंजूरी दी है. रामकृष्ण आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक करीब 9 km की एक्सटेंशन लाइन, एयरो सिटी से लेकर इंदिरागांधी टर्मिनल डोमेस्टिक करीब ढाई किमी का एक्सटेंशन, तीसरा तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक करीब चार किमी का एक्सटेंशन है. साल 2028 तक इनका काम पूरा होगा. इस पर करीब 12000 करोड़ का खर्च आएगा.
सीएम रेखा गुप्ता ने जानकारी देते हुए कहा कि 12,014.91 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना का फेज V(A) राष्ट्रीय राजधानी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को और मजबूत करेगा. उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार परियोजना लागत में 2,940.46 करोड़ रुपये का योगदान देगी.
देश की राष्ट्रीय राजधानी में पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को बेहतर और आधुनिक बनाने के प्रयासों के तहत सीएम रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में ये फैसला लिया गया. सीएम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह परियोजना उनकी 7-C दृष्टि के अनुरूप है, जिसमें कॉमन (Common), कनेक्टेड (Connected), कन्वेनिएंट (Convenient) कंजेशन फ्री (Congestion-free), चार्ज्ड (Charged), क्लीन (Clean), कटिंग एज मोविलिटी (Cutting-edge mobility)शामिल है.
उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ कम करने और वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट को मजबूत करना बेहद जरूरी है. इस प्रोजेक्ट में 13 13 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें से 10 अंडरग्राउंड और तीन एलिवेटेड होंगे. आरके आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ तक 9.91 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में 9 स्टेशन होंगे और यह सेंट्रल विस्टा क्षेत्र से होकर गुजरेगा.













