
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में नदी में गिरी गाड़ी, चार की मौत, दो लापता
AajTak
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में एक दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग अभी भी लापता हैं जिन्हें ढूंढने की कोशिश की जा रही है. दरअसल एक गाड़ी अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई जिससे चार लोगों की डूबने से मौत हो गई. पुलिस टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है लेकिन लापता हुए दो लोगों की अभी कोई जानकारी नहीं मिल पाई है.
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में रविवार को एक गाड़ी के सड़क से फिसलकर नदी में गिरने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग, जिनमें चालक भी शामिल है, लापता हैं. पुलिस और रेस्क्यू टीम लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं.
न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक यह दुर्घटना पद्दार क्षेत्र के सन्यास में हुई, जब एक वाहन सड़क से फिसलकर 300 फुट गहरी मचैल नदी में गिर गया. वाहन में कुल छह लोग सवार थे. पुलिस के अनुसार, चार शव बरामद कर लिए गए हैं.
दुर्घटना के बाद पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया. जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है.
सीएम उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उनका कार्यालय जिला प्रशासन के संपर्क में है और लापता लोगों की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की.
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा, 'किश्तवाड़ में हुए दुखद सड़क हादसे से गहरा दुख हुआ है, इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया.' वहीं उधमपुर के सांसद और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी इस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने बताया कि उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त राजेश कुमार शवन से संपर्क कर स्थिति का जायजा लिया है.
जिला प्रशासन और बचाव दलों ने घटना स्थल पर राहत कार्य तेज कर दिए हैं. स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं. प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है.

हैदराबाद में आगामी रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि साल 2010 से लगातार शोभा यात्रा आयोजित की जा रही है, लेकिन हर साल पुलिस की ओर से बाधाएं खड़ी की जाती हैं. उनका आरोप है कि सिदंबर बाजार, पुराना पुल और बेगम बाजार जैसे इलाकों में विशेष रूप से लाठीचार्ज के लिए टास्क फोर्स तैनात की जाती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि हर साल उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाती है और इस बार भी पुलिस अपनी गलतियों का ठीकरा उन पर फोड़ सकती है.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक कुमार खरात पर दुष्कर्म, शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामला एक गर्भवती महिला की शिकायत से सामने आया, जिसके बाद स्पाई कैमरे से 100 से ज्यादा वीडियो मिले. कई महिलाओं ने सालों तक शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है, जिसमें और बड़े खुलासों की आशंका है.










