
'जनता को गुमराह करने...', रामगोपाल यादव के फर्जी एनकाउंटर वाले बयान पर बोले योगी के मंत्री
ABP News
Gonda News In Hindi: उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दारा सिंह चौहान ने गोंडा में कृषि मेला एवं प्रदर्शनी का उद्घाटन किया. इसके साथ ही उन्होंने सपा नेता राम गोपाल यादव पर भी निशाना साधा है.
उत्तर प्रदेश सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर गोंडा स्थित वेंकटाचारी क्लब में कृषि मेला एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, इसका उद्घाटन प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री (जेल मंत्री) दारा सिंह चौहान ने किया. कार्यक्रम में माटी कला टूल किट्स के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरण किया गया.
इस दौरान प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाई. साथ ही समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव पर निशाना साधा है. वहीं योगी के मंत्री ने दूसरी तरफ LPG क्राइसिस पर भी बड़ा बयान दिया है. जब देश और दुनिया में स्थिति के संकट होते हैं, तो ऐसे हालात पैदा होते हैं लेकिन देश और प्रदेश में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी का भंडारण है.
सपा नेता राम गोपाल यादव के बयान, "यूपी में फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं, जब वक्त आएगा तो उनसे बदला लिया जाएगा." पर प्रदेश सरकार के कारागार मंत्री ने कहा कि, "विपक्ष के लोग प्रदेश की जनता को गुमराह करने के लिए, दिगभ्रमित करने के लिए इस तरीके का स्लोगन हमेशा छोड़ देते हैं."
प्रदेश और देश में एलपीजी संकट के सवाल पर कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने कहा कि, जब देश और दुनिया में इस तरीके के संकट पैदा हो जाते हैं, इसके बावजूद भी देश के प्रधानमंत्री जो बधाई के पात्र हैं. राजनीतिक कौशल और कूटनीति के जरिए क्रूड ऑयल से लेकर हमारा जो सीएनजी और पीएनजी है बड़े पैमाने पर देश में स्टोर है. वह लगातार चलता रहेगा. आने वाले समय में हमारे देश और प्रदेश को किसी प्रकार की किल्लत नहीं होगी.













