
अखिलेश यादव ने 'मिशन-27' के लिए चल दिया नया कार्ड, BJP की बढ़ने वाली है टेंशन?
ABP News
UP Assembly Election 2027: महिला वोटरों को साधने के लिए सपा ने बड़ा सियासी दांव खेला है. पूर्व सीएम अखिलेश यादव कल “मूर्ति देवी-मालती देवी” महिला सम्मान की शुरूआत करेंगे.
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने महिला वोटरों को साधने के लिए बड़ा सियासी दांव खेला है. समाजवादी पार्टी चीफ व पूर्व सीएम अखिलेश यादव कल “मूर्ति देवी-मालती देवी” महिला सम्मान की शुरूआत करेंगे. मूर्ति देवी अखिलेश यादव की दादी और मालती देवी माँ का नाम है.
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश यादव फूलन देवी, सावित्री बाई फुले, अहिल्याबाई होल्कर, बेगम अख़्तर, महादेवी वर्मा, सरस्वती अम्माल, सरोजिनी नायडू, इस्मत चुगताई, ऊदा देवी, रानी लक्ष्मी बाई समेत अन्य विभूतियों के नाम पर 20 कैटेगरी में अवॉर्ड की शुरुआत करेंगे. इस अवॉर्ड के माध्यम से अखिलेश यादव 1 लाख की सम्मान राशि देंगे.
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, मगर, प्रदेश की राजनीति अभी से गरमाने लगी है. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्तमंत्री व समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने आधी आबादी को साधने के लिए बड़ा सियासी दांव के खेला है. अखिलेश यादव की यह स्कीम महिलाओं को कितना पसंद आएगी, यह तो आने वाला वक्त बताएगा. लेकिन सपा के इस दांव ने प्रमुख सियासी दल भारतीय जनता पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी है.
उधर, सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ भी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन 2027 को लेकर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी. मुख्यमंत्री ने आरएसएस पदाधिकारियों के साथ विधानसभा चुनाव की रणनीति साझा की.













