
क्या आमिर खान की रिक्वेस्ट पर अरिजीत सिंह ने गाया गाना? फिल्म 'एक दिन' में दी आवाज
ABP News
Aamir Khan-Arijit Singh: प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट का ऐलान करने के बावजूद अरिजीत सिंह ने आमिर खान की आने वाली फिल्म ‘एक दिन’ के लिए अपनी आवाज दी. आमिर खान प्रोडक्शंस ने एक फोटो भी शेयर की है.
बॉलीवुड प्लेबैक सिंगिंग से रिटायरमेंट के ऐलान के कुछ हफ्तों बाद सिंगर अरिजीत सिंह ने आमिर खान की आने वाली फिल्म ‘एक दिन’ के लिए अपनी आवाज दी है. इसके साथ ही पश्चिम बंगाल स्थित अपने घर पर एक्टर-प्रोड्यूसर आमिर खान से हुई उनकी हालिया मुलाकात को लेकर चल रही अटकलों पर भी विराम लग गया है.
दरअसल, जनवरी 2026 के आखिर में अरिजीत सिंह ने फैंस को चौंका दिया था, जब उन्होंने ऐलान किया कि वह अब फिल्मों के लिए नए प्लेबैक सिंगिंग प्रोजेक्ट नहीं लेंगे. हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया था कि वह अपना इंडिपेंडेंट म्यूज़िक बनाते रहेंगे और पहले से किए गए वादों को पूरा करेंगे. वहीं, अब इस अनाउंसमेंट के कुछ ही समय बाद आमिर खान अरिजीत के घर पहुंचे, जिसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि आमिर, अरिजीत को दोबारा फिल्मों के लिए गाने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे हैं.
आमिर खान की रिक्वेस्ट पर अरिजीत सिंह ने गाया गाना9 फरवरी को आमिर खान प्रोडक्शंस ने पुष्टि की कि अरिजीत सिंह ने वास्तव में फिल्म ‘एक दिन’ के म्यूज़िक में अपनी आवाज दी है. प्रोडक्शन हाउस ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर भी शेयर की, जिसमें आमिर खान और अरिजीत सिंह बातचीत करते नजर आ रहे हैं. फोटो में अरिजीत गिटार पकड़े हुए हैं, जबकि आमिर उन्हें अपने फोन पर कुछ दिखाते दिखाई दे रहे हैं.
तस्वीर पर लिखा गया था, 'हमारी फिल्म ‘एक दिन’ के लिए अपनी आवाज़ देने के लिए धन्यवाद, अरिजीत. आपके, आपके परिवार और आपकी टीम के साथ बिताए गए चार दिन जादुई रहे. प्यार, ए.' वहीं कैप्शन में भी लिखा गया, 'धन्यवाद अरिजीत, ‘एक दिन’ के सॉन्ग में इतनी गहराई और दिल से जुड़ी भावना लाने के लिए.'













