
अमृतसर–पठानकोट रोड पर भीषण हादसा... यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 35-40 लोगों की हालत गंभीर
AajTak
अमृतसर-पठानकोट रोड पर बड़ा हादसा हुआ है. यहां कट्थूनंगल के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब यात्रियों से भरी बस और बजरी से लदा ट्रक आमने-सामने टकरा गए. इस हादसे में करीब 35 से 40 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मृतकों की संख्या को लेकर पुलिस अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रही है.
अमृतसर-पठानकोट नेशनल हाइवे पर कट्थूनंगल क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हो गया. यहां यात्रियों से भरी बस और बजरी से लदा ट्रक आमने-सामने टकरा गए. इस भीषण टक्कर में 35 से 40 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि मृतकों की संख्या को लेकर पुलिस अभी तक आधिकारिक जानकारी नहीं दे पा रही है. हादसे के बाद सड़क पर देर तक चीख-पुकार मची रही.
जानकारी के अनुसार, बटाला की दिशा से अमृतसर जा रही प्राइवेट बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे. बस जैसे ही गोपालपुरा गांव के पास पहुंची, आगे चल रहा ट्रक अचानक बिना संकेत दिए यू-टर्न लेने लगा. तेज रफ्तार में आ रही बस अचानक इस मोड़ से बच नहीं पाई और सीधे ट्रक से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत कार्य शुरू करवाया. डीएसपी मजीठा, धर्मेंद्र कल्याण ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कार्रवाई शुरू कर दी गई है. उन्होंने कहा कि घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. मृतकों की संख्या की पुष्टि डॉक्टरों की रिपोर्ट के बाद ही की जा सकेगी.
यह भी पढ़ें: मुरादाबाद एक्सीडेंट में घायलों की मदद के बजाय वीडियो बनाने लगे लोग, भड़कीं खुशबू पाटनी, दिखाया भयावह मंजर
सड़क सुरक्षा फोर्स के कर्मियों ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो कम से कम 35 यात्री गंभीर रूप से घायल थे. कई लोग सीटों के बीच फंसे हुए थे, जिन्हें निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की स्थिति नाजुक बनी हुई है.

हैदराबाद में आगामी रामनवमी शोभा यात्रा को लेकर गोशामहल के विधायक टी. राजा सिंह ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि साल 2010 से लगातार शोभा यात्रा आयोजित की जा रही है, लेकिन हर साल पुलिस की ओर से बाधाएं खड़ी की जाती हैं. उनका आरोप है कि सिदंबर बाजार, पुराना पुल और बेगम बाजार जैसे इलाकों में विशेष रूप से लाठीचार्ज के लिए टास्क फोर्स तैनात की जाती है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि हर साल उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाती है और इस बार भी पुलिस अपनी गलतियों का ठीकरा उन पर फोड़ सकती है.

जम्मू-कश्मीर के बडगाम में लोगों ने ईरान के समर्थन में सोना, चांदी और नकद दान किया. यह कदम पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच उठाया गया है. लोग एक जगह इकट्ठा होकर मदद के लिए आगे आए. बडगाम के विधायक मुंतज़िर मेहदी ने भी एक महीने की सैलरी दान करने की घोषणा की. यह घटना दिखाती है कि अंतरराष्ट्रीय संघर्ष का असर दूर तक हो रहा है और लोग इंसानियत के लिए साथ खड़े हो रहे हैं.

महाराष्ट्र के नासिक में खुद को धर्मगुरु बताने वाले अशोक कुमार खरात पर दुष्कर्म, शोषण, जबरन गर्भपात, ठगी और जमीन विवाद में हत्या जैसे गंभीर आरोप लगे हैं. मामला एक गर्भवती महिला की शिकायत से सामने आया, जिसके बाद स्पाई कैमरे से 100 से ज्यादा वीडियो मिले. कई महिलाओं ने सालों तक शोषण का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है, जिसमें और बड़े खुलासों की आशंका है.










