
अब और भी दमदार होगी Pulsar! NS400Z का 350cc वर्जन जल्द होगा लॉन्च! जानें क्या होगा नया और खास
ABP News
Bajaj Pulsar NS400Z का नया 350cc वर्जन जल्द लॉन्च हो सकता है. इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा भी दी गई है. आइए जानें इसके इंजन, फीचर्स और परफॉर्मेंस में क्या बदलाव हुए हैं.
भारतीय टू-व्हीलर कंपनी बजाज ऑटो एक बार फिर नई बाइक के साथ बाजार में आने की तैयारी कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी जल्द ही Bajaj Pulsar NS400Z का नया 350cc वर्जन लॉन्च कर सकती है. अभी तक कंपनी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन बताया जा रहा है कि यह बाइक शोरूम तक पहुंचने लगी है, जिससे इसके जल्द लॉन्च होने की उम्मीद बढ़ गई है.
इस नए वर्जन को खासतौर पर भारतीय टैक्स नियमों को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है. सरकार के नियमों के अनुसार 350cc से ज्यादा इंजन वाली बाइक्स पर ज्यादा टैक्स लगता है, जबकि 350cc से कम इंजन पर कम टैक्स देना होता है. इसी वजह से कंपनी ने इंजन को थोड़ा छोटा कर दिया है.
दरअसल, नई Bajaj Pulsar NS400Z में अब 349.13cc का इंजन दिया गया है, जबकि पहले यह 373cc का था. इस बदलाव से कंपनी को कम टैक्स देना होगा और इससे बाइक की कीमत भी ग्राहकों के लिए थोड़ी कम हो सकती है. हालांकि इंजन छोटा होने की वजह से इसकी पावर में हल्की कमी आई है. अब यह बाइक 40.6 PS की पावर और 33.2 Nm का टॉर्क देती है, जबकि पुराने मॉडल में 43 PS पावर और 35 Nm टॉर्क मिलता था. फर्क ज्यादा बड़ा नहीं है, लेकिन परफॉर्मेंस में थोड़ा बदलाव जरूर महसूस हो सकता है. इसके बावजूद यह बाइक 6-स्पीड गियरबॉक्स, स्लिपर क्लच और इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल जैसे फीचर्स के साथ आती है.
नई Pulsar NS400Z के डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है. इसका लुक, कलर ऑप्शन और ओवरऑल स्टाइल पहले जैसा ही रखा गया है. सिर्फ एक छोटा बदलाव यह है कि अब इंजन पर 373cc की जगह कोई मार्किंग नहीं होगी, जिससे नए वर्जन को पहचाना जा सकता है. फीचर्स की बात करें तो इसमें पहले जैसे ही कई शानदार फीचर्स मिलते हैं. इसमें 43mm USD फ्रंट फोर्क्स, डुअल चैनल ABS, बड़े डिस्क ब्रेक और चौड़े टायर दिए गए हैं. इसके अलावा प्रोजेक्टर हेडलाइट, एडजस्टेबल लीवर और फुल डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है. इसमें टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन की सुविधा भी दी गई है.













