
West Bengal Elections 2026: '400 का सिलेंडर अब 1100 रुपये में, ऐसा ही रहा तो बैलगाड़ी...', LPG संकट पर ममता बनर्जी ने केंद्र को घेरा
ABP News
West Bengal Elections 2026: पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सत्ता में आने के बाद गैस सिलेंडर की कीमत में 700 रुपये की बढ़ोत्तरी बिल्कुल चुपचाप कर दी गई है.
पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राज्य की मुख्यमंत्री और भवानीपुर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस (TMC) की उम्मीदवार ममता बनर्जी ने गुरुवार (26 मार्च, 2026) को घरेलू गैस सिलेंडरों (LPG) की बढ़ती कीमतों और उसकी उपलब्धता को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है.
उन्होंने आम जनता और विशेषकर महिलाओं की परेशानियों के बारे में जिक्र करते हुए कहा कि स्थिति काफी ज्यादा चिंताजनक होती जा रही है. हमें यह भी नहीं पता है कि अगले दो दिनों में गैस मिलेगी या नहीं. अगर यही हाल रहा तो लोगों को फिर से पुराने दौर की तरह बैलगाड़ी पर चलना पड़ेगा.
गैस की कीमतों में बढ़ोतरी पर उठाए सवाल
इस दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गैस की कीमतों में हुई भारी बढ़ोत्तरी पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि याद कीजिए, प्रधानमंत्री नरेंद्र के सत्ता में आने से पहले रसोई गैस की कीमत क्या थी? मात्र 400 रुपये, जो अब बढ़कर करीब 1,100 रुपये हो गई है. इसमें 700 रुपये की बढ़ोत्तरी चुपचाप कर दी गई है. इससे आम जनता के कंधे पर आर्थिक बोझ और ज्यादा बढ़ गया है.













