
'जजों को शर्म आनी चाहिए', जेल में बंद इमरान खान पत्नी बुशरा पर हो रहे जुल्म से तिलमिलाए, फोन कॉल में फूटा दर्द
AajTak
जेल में बंद इमरान खान ने ईद पर बेटे से बातचीत में पत्नी बुशरा बीबी के साथ अमानवीय व्यवहार का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उन्हें ब्लैकमेल करने के लिए पत्नी को निशाना बनाया जा रहा है. आंखों की रोशनी घटने के बीच उनका यह पहला सार्वजनिक संदेश है. दोनों भ्रष्टाचार मामलों में सजा काट रहे हैं.
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज क्रिकेटर इमरान खान (Imran Khan) ने जेल से एक भावुक और तीखा संदेश देते हुए पाकिस्तान की न्याय व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. ईद के मौके पर बेटे कासिम खान (Kasim Khan) से हुई फोन कॉल में उन्होंने अपनी पत्नी बुशरा बीबी के साथ हो रहे कथित 'अमानवीय व्यवहार' पर गहरी चिंता जताई है.
इमरान खान ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान की सत्ता और सिस्टम उन्हें तोड़ नहीं पा रहा, इसलिए उनकी पत्नी को 'ब्लैकमेल के हथियार' के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है. उन्होंने कहा- जजों को शर्म आनी चाहिए. हम बार-बार न्यायपालिका के पास गए, लेकिन उन्होंने अपने निजी फायदे के लिए आत्मा बेच दी. द इंडिपेंडेंट की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है.
यह बयान ऐसे समय आया है जब इमरान खान की सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ रही है. हाल ही में उनकी दाईं आंख की रोशनी में भारी गिरावट दर्ज की गई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी आंख की लगभग 85 प्रतिशत रोशनी जा चुकी है. इस सप्ताह उन्हें तीसरी बार आंख में इंजेक्शन दिया गया और फिलहाल चौथे डोज की संभावना कम बताई जा रही है.
बुशरा बीवी जनवरी से अदियाला जेल में बंद हैं. इमरान खान ने दावा किया कि उन्हें लगभग पूरी तरह से एकांत में रखा गया है. उन्होंने कहा- उन्हें हफ्ते में सिर्फ 30 मिनट मेरे साथ मिलने दिया जाता है और कई बार वो भी मना कर दिया जाता है.यह भी पढ़ें: कातिल गेंदें, किंग और लेजेंड... क्रिकेट के 'ग्रीक गॉड' इमरान खान की कहानी
खुद इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं, जब उन्हें संसद में अविश्वास प्रस्ताव के बाद सत्ता से हटाया गया था. इसके बाद से वे कई मामलों में सजा काट रहे हैं. इमरान और बुशरा बीबी दोनों को प्रॉपर्टी ट्रस्ट और महंगे तोहफों से जुड़े भ्रष्टाचार मामलों में दोषी ठहराया गया है. दिसंबर 2024 में एक अन्य मामले में दोनों की सजा और बढ़ा दी गई थी.
इस पूरे मामले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा है. जब 14 पूर्व क्रिकेटरों जिनमें सुनील गावस्कर और कपिल देव जैसे बड़े नाम शामिल हैं ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से अपील की है कि इमरान खान के साथ 'सम्मान और बुनियादी मानवीय व्यवहार' सुनिश्चित किया जाए.

2003 के क्रिकेट वर्ल्ड फाइनल में भारतीय टीम खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरी थी, लेकिन कुछ ही घंटों में ये सपना टूट गया था. रिकी पोंटिंग की तूफानी पारी, वीरेंद्र सहवाग की अकेली जंग और 'स्प्रिंग बैट' की रहस्यमयी अफवाहों ने इस मुकाबले को सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि क्रिकेट इतिहास की सबसे चर्चित और यादगार कहानी बना दिया.












