
यूपी में LPG की कालाबाजारी करने वाले सावधान! CM योगी सख्त, दिया ये बड़ा निर्देश
ABP News
UP News: सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है. उन्होंने अपील की कि रसोई गैस की कमी के अफवाहों से बचें.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रसोई गैस (LPG) की निर्बाध और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट की स्थिति न बनने दी जाए. लोगों को समय-समय पर सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए. गुरुवार (12 मार्च) को सीएम ने सीनियर अधिकारियों और तेल कंपनियों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में एलपीजी की मौजूदा मांग और आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की.
सीएम ने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कमी उत्पन्न न होने पाए और जिन ग्राहकों ने एलपीजी की बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध ढंग से सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए. साथ ही उपभोक्ताओं को उनकी अगली रिफिल की संभावित तिथि के संबंध में भी समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए.
यूपी बनेगा मेडिकल हब! यमुना एक्सप्रेसवे पर ₹215 करोड़ के निवेश से लगेगी चिकित्सा उपकरण इकाई
सीएम ने कहा कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितना कि अफवाहों के माध्यम से प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है. तेल कंपनियां प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एलपीजी की आपूर्ति और वितरण की वास्तविक स्थिति के बारे में आमजन को नियमित रूप से अवगत कराएं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भी आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रयास कर रही है.













