
महोबा में पुरानी परंपरा को मिला आधुनिक रंग, बाइक के पहियों वाली हाईटेक बैलगाड़ी की तैयार
ABP News
Mahoba News In Hindi: झांसी में होने वाली आगामी बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता के लिए महोबा के युवाओं ने लकड़ी की जगह स्टील और बाइक के पहियों वाली हाईटेक बैलगाड़ी तैयार की है.
आधुनिकता की दौड़ में बुंदेलखंड के युवाओं ने अपनी पुरानी परंपराओं को एक नया मोड़ दिया है. झांसी में होने वाली आगामी बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता के लिए महोबा के युवाओं ने लकड़ी की जगह स्टील और बाइक के पहियों वाली हाईटेक बैलगाड़ी तैयार की है. भोला और भालू नाम के दो बैलों के साथ जब यह चमकदार गाड़ी सड़क पर उतरी, तो हर कोई इसे देखने के लिए ठहर गया.
देशभर में जहां आधुनिकता की होड़ मची है, वहीं बुंदेलखंड के युवा अपनी प्राचीन परंपराओं को जीवंत रखने का अनूठा जज्बा दिखा रहे हैं. महोबा की सड़कों पर जब भोला और भालू नाम के सफेद बैलों की जोड़ी से सजी यह चमकदार आधुनिक बैलगाड़ी निकली, तो राहगीरों की नजरें वहीं थम गईं. यह नजारा किसी फिल्म के सीन से कम नहीं था, जहां लोग इस अनोखी सवारी के कायल हो गए और युवाओं ने इसके साथ सेल्फी ली और बैलगाड़ी के साथ फोटो ली.
जानवरों की सेवा को ही अपना धर्म मानने वाले बुजुर्ग शाकिर खान बताते हैं कि उन्हें बचपन से ही घोड़े, बैल और गाय पालने का शौक है. उनकी खेती आज भी इन्हीं बैलों के जरिए होती है. इस बार तैयारी कुछ खास है. झांसी जनपद में होने वाली भव्य बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में जीत हासिल करने के लिए इन्होंने अपनी पारंपरिक बैलगाड़ी को पूरी तरह से री-डिजाइन किया है. उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि जैसे पहले गोवंश का सम्मान होता था बैलों को लोग पालते थे और खेती होती थी वैसे ही फिर से हम इन बेजुबान पशुओं को पालकर अपनी खेती करें.













