
भोजपुरी सिंगर अंतरा सिंह के खिलाफ कुर्की की नोटिस जारी, रुपये वापस नही करने- धमकी देने का आरोप
ABP News
सोनभद्र में नवरात्रि के दौरान हुए देवी जागरण विवाद का मामला गंभीर मोड़ ले चुका है. भोजपुरी सिंगर अंतरा सिंह के खिलाफ दर्ज मुकदमे में विशेष एससी/एसटी कोर्ट ने कुर्की की नोटिस जारी की है.
भोजपुरी सिंगर अंतरा सिंह और इवेंट मैनेजमेंट कंपनी के मालिक विकास कुमार के खिलाफ सोनभद्र में एससी/एसटी एक्ट की अदालत ने गैर जमानती वारंट के साथ-साथ धारा 84 BNSS के तहत कुर्की की नोटिस जारी की है. अदालत पहले ही गैर जमानती वारंट जारी कर चुकी थी.
लेकिन लगातार अनुपस्थिति के बाद अब संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं. इस पूरे घटनाक्रम से एक बार फिर जिले में चर्चाएं तेज हो गई हैं.पूरा मामला 18 अप्रैल 2024 का है, जब रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के बहुअरा गांव में नवरात्रि के अवसर पर देवी जागरण कार्यक्रम प्रस्तावित था.
आयोजकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा
आयोजक की ओर से इवेंट मैनेजर के माध्यम से लगभग दो लाख रुपये में कार्यक्रम तय हुआ और एक लाख सत्तर हजार रुपये एडवांस दिए गए. आरोप है कि तय तिथि पर कार्यक्रम नहीं हुआ और कलाकार पक्ष बिना प्रस्तुति दिए लौट गया, जिससे आयोजकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा.













