
'धुरंधर: द रिवेंज' की स्टारकास्ट का खुलासा, 'बड़े साहब' को लेकर इमरान हाशमी के नाम ने बढ़ाई हलचल
ABP News
Dhurandhar The Revenge Star Cast: 19 मार्च को रिलीज होने वाली 'धुरंधर: द रिवेंज' में 'बड़े साहब' के किरदार को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. इमरान हाशमी का नाम कास्ट लिस्ट में सामने आने के बाद फैंस के बीच चर्चा तेज हो गई है.
बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के बाद अब फिल्म 'धुरंधर' का दूसरा पार्ट दर्शकों के बीच आने वाला है. 'धुरंधर: द रिवेंज' के रिलीज से पहले ही इस फिल्म ने जबरदस्त चर्चा बटोर ली है. 19 मार्च को सिनेमाघरों में आने जा रही इस फिल्म को लेकर फैंस के बीच उत्साह साफ नजर आ रहा है. लेकिन इस बार कहानी से ज्यादा फिल्म के रहस्यमयी किरदार 'बड़े साहब' की पहचान ने सबका ध्यान खींच लिया है.
इमरान हाशमी बनेंगे 'बड़े साहब'?
हाल ही में फिल्म से जुड़ी एक दिलचस्प जानकारी सामने आई है. ऑनलाइन फिल्म प्लेटफॉर्म लेटरबॉक्सड पर 'धुरंधर: द रिवेंज' की कास्ट लिस्ट में एक ऐसा नाम दिखा, जिसने फैंस को चौंका दिया है. लिस्ट में इमरान हाशमी का नाम शामिल था. हालांकि, उनके रोल के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई, लेकिन सोशल मीडिया पर यह चर्चा तेज हो गई कि क्या वही फिल्म में 'बड़े साहब' का किरदार निभा रहे हैं? बता दें, 'बड़े साहब' का किरदार फिल्म की कहानी का सबसे अहम हिस्सा माना जा रहा है. पहले टीजर में रहमान डकैत की मौत के बाद कहानी और ज्यादा गंभीर मोड़ लेती है. मेजर इकबाल और उसके बॉस यानी 'बड़े साहब' के खिलाफ जंग की तैयारी दिखाई गई है. हालांकि 'बड़े साहब' को लेकर जैसे ही इमरान हाशमी का नाम सामने आया, फैंस की उत्सुकता और बढ़ गई.













