
ड्रग्स के खिलाफ CCB का बड़ा एक्शन: दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार, 1 करोड़ की कोकीन-हाइड्रो गांजा जब्त
AajTak
बेंगलुरु में CCB की नारकोटिक्स यूनिट ने ड्रग तस्करी के दो मामलों में दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने विदेशी आरोपियों के कब्जे से कोकीन और हाइड्रो गांजा समेत करीब 1 करोड़ रुपये का सामान जब्त किया है. पढ़ें पूरी वारदात की कहानी.
Bengaluru Drug Bust: बेंगलुरु पुलिस की सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) की नारकोटिक्स कंट्रोल यूनिट ने ड्रग तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई बुधवार को की गई, जिसमें दोनों आरोपी अलग-अलग मामलों में ड्रग्स की सप्लाई कर रहे थे. पुलिस के मुताबिक, इन दोनों मामलों में कुल मिलाकर करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं. इस कार्रवाई को शहर में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क के खिलाफ अहम माना जा रहा है. पुलिस ने प्रेस रिलीज जारी कर इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी दी.
जब्त किए गए नशीले पदार्थ पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 101 ग्राम कोकीन और 481 ग्राम हाइड्रो गांजा बरामद किया है. इसके अलावा ड्रग तस्करी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं. जब्त किए गए नशीले पदार्थों और अन्य सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है. पुलिस का कहना है कि ये मोबाइल फोन ड्रग सप्लाई के नेटवर्क को संचालित करने में इस्तेमाल हो रहे थे. जब्त किए गए वाहनों का उपयोग ड्रग्स की डिलीवरी के लिए किया जा रहा था.
हाइड्रो गांजा सप्लाई का भंडाफोड़ पहली कार्रवाई बेगुर पुलिस थाना क्षेत्र के JEIS लेआउट में की गई. नारकोटिक्स कंट्रोल यूनिट को सूचना मिली थी कि यहां एक व्यक्ति हाइड्रो गांजा की सप्लाई कर रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर छापा मारा और एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में हाइड्रो गांजा और अपराध में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद हुआ. यह कार्रवाई पूरी तरह गोपनीय सूचना और तकनीकी निगरानी के आधार पर की गई.
48 लाख रुपये का है हाइड्रो गांजा समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक, इस ऑपरेशन में जब्त किए गए हाइड्रो गांजा की अनुमानित कीमत करीब 48 लाख रुपये है. हाइड्रो गांजा को एक हाई-एंड नशीला पदार्थ माना जाता है, जिसकी मांग बड़े शहरों में तेजी से बढ़ रही है. पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से बेंगलुरु में ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था. गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर उसके नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस को इस नेटवर्क के और भी लोगों तक पहुंचने की उम्मीद है.
ऐसे पकड़ा गया विदेशी नागरिक दूसरी कार्रवाई केआर पुरम पुलिस थाना क्षेत्र में की गई. पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां एक विदेशी नागरिक कोकीन की सप्लाई कर रहा है. सूचना के आधार पर CCB की टीम ने छापा मारकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने उसके पास से करीब 50.6 लाख रुपये मूल्य की कोकीन बरामद की. इसके साथ ही एक मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया, जिसका इस्तेमाल ड्रग्स की सप्लाई में किया जा रहा था.
आरोपियों की नागरिकता पर खुलासा नहीं पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों की राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया है. अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी जारी है और अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. CCB की नारकोटिक्स यूनिट अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में थे. पुलिस का दावा है कि आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी संभव है. यह कार्रवाई बेंगलुरु में ड्रग तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती को दर्शाती है.

रैसी जिले के महोर क्षेत्र में रामाकुंडा मोड़ के पास एक प्राइवेट कार सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई. हादसे में हकनवाज (22), उनकी बहन शहरीजा राहि (18) और उनके चचेरे भाई रफ़ाकत हुसैन (15) की मौत हो गई. पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका महोर अस्पताल में इलाज चल रहा है. ड्राइवर ने अंधे मोड़ पर नियंत्रण खो दिया था.

Harish Rana Dies: हरीश राणा को मिल गई 'इच्छामृत्यु', एम्स में 10 दिन भर्ती रहने के बाद ली आखिरी सांस
Harish Rana News: भारत में निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति पाने वाले पहले व्यक्ति हरीश राणा का AIIMS में निधन हो गया. वे साल 2013 से कोमा में थे. सुप्रीम कोर्ट ने 11 मार्च को उन्हें इच्छामृत्यु की अनुमति दी थी, जिसके बाद अस्पताल में उनके लाइफ सपोर्ट को स्टेप वाइज हटाया गया. डॉक्टर सीमा मिश्रा की अगुवाई में विशेषज्ञ टीम ने पूरी प्रक्रिया पूरी की.

अहमदाबाद के लालदरवाजा इलाके में SDPI (सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया) ने यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) बिल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. पुलिस की मंजूरी नहीं होने के कारण प्रदर्शन कर रहे नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया. इस दौरान SDPI कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्का टकराव भी देखने को मिला. SDPI नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने विधानसभा में बहुमत के बल पर UCC बिल को मनमाने तरीके से पारित किया है और इसे मुस्लिम विरोधी बताया. मौके पर सुरक्षा बढ़ाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया.

पश्चिमी एशिया में युद्ध के बीच भारत की चिंताएं तेल और गैस सप्लाई को लेकर बढ़ी हुई हैं. प्रधानमंत्री ने ताजा हालात की जानकारी सदन में बोलते हुए देश को दी. अब आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कर्तव्य भवन-2 में अहम बैठक की है. करीब डेढ़ घंटे तक चली इस बैठक में CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहे, जिन्होंने होर्मुज से तेल और गैस की सप्लाई को लेकर चर्चा की. देखें वीडियो.

पश्चिम एशिया के हालात सुधरते नहीं दिख रहे..ट्रंप ने ईरान के पावर प्लांट पर 5 दिनों तक हमला ना करने की हामी जरूर भरी है लेकिन अब भी हमले थमे नहीं है. पश्चिम एशिया के हालात को देखते हुए भारत ने भी अपनी तैयारी मुकम्मल कर रखी है. राजनाथ सिंह ने एक हाईलेवल मीटिंग बुलाकर तैयारी की समीक्षा की. तो भारतीय एलपीजी टैंकरों की सुरक्षा के लिए भारतीय युद्धपोत हॉर्मुज पहुंच चुके हैं. पीएम मोदी ने कल लोकसभा में साफ कह दिया था कि तेल सप्लाई में रुकावट या नागरिकों और पावर प्लांट पर हमला मंजूर नहीं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईरान जंग पर राज्यसभा में कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे इस युद्ध को तीन हफ्ते से ज्यादा का समय हो चुका है. इसने पूरे विश्व को गंभीर ऊर्जा संकट में डाल दिया है. इसका असर भारत पर भी पड़ रहा है. गल्फ देशों में करीब एक करोड़ भारतीय रहते हैं, वहां काम करते हैं. उनके जीवन की रक्षा भी भारत के लिए चिंता का विषय है. होर्मुज स्ट्रेट में बड़ी संख्या में जहाज फंसे हैं. उनके क्रू मेंबर्स भी अधिकतर भारतीय हैं. यह भी भारत के लिए चिंता का विषय है. ऐसे में जरूरी है कि भारत के इस उच्च सदन से दुनिया में संवाद का संदेश जाए. हम गल्फ के देशों के साथ लगातार संपर्क में हैं. हम ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं. हमने डीएस्केलेशन और होर्मुज स्ट्रेट खोले जाने पर भी लगातार बात की है. भारत ने नागरिकों पर, सिविल इंफ्रास्ट्रक्चर पर, एनर्जी और ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमलों का विरोध किया है.







