
करोड़ों के मालिक फिर क्यों कर्ज नहीं चुका रहे राजपाल? KRK ने उठाए सवाल
AajTak
कमाल आर खान ने राजपाल यादव से जुड़े कई सारे ट्वीट किए हैं. एक तरफ उनका दावा है कि एक्टर के पास 50 करोड़ रुपये की संपत्ति है, मगर वो खुद अपना कर्ज नहीं चुकाना चाहते. वहीं दूसरी तरफ वो कह रहे हैं कि वो एक्टर को 10 लाख रुपये देने के लिए तैयार बैठे हैं.
बॉलीवुड के सबसे चहेते कॉमिक एक्टर राजपाल यादव इन दिनों बड़ी मुश्किलों से गुजर रहे हैं. वो तिहाड़ जेल में बंद हैं क्योंकि उनपर 9 करोड़ रुपये का कर्ज है, जिसे चुकाना बाकी है. एक्टर की मदद के लिए इंडस्ट्री के कई सेलेब्स आगे आए. उन्हीं में से एक खुद को फिल्म क्रिटिक बताने वाले कमाल आर खान उर्फ केआरके भी हैं.
राजपाल यादव को लेकर केआरके के ट्वीट्स
कमाल आर खान ने राजपाल यादव की मदद के लिए 10 लाख रुपये की मदद भेजने का वादा किया था. गुरुवार के दिन केआरके ने इसे लेकर X पर ट्वीट भी किया. उनके मुताबिक, वो 10 लाख रुपये का चेक बनाकर बैठे हैं. मगर राजपाल की पत्नी उसे लेने नहीं पहुंच पाईं क्योंकि वो दिल्ली हाई कोर्ट में एक्टर की सुनवाई के लिए मौजूद हैं.
केआरके लिख रहे हैं, 'मैं राजपाल यादव को 10 लाख रुपये देने के लिए प्रतिबद्ध हूं. इसलिए मैंने भाभी से कहा कि वो किसी को मेरे ऑफिस से 10 लाख रुपये का चेक लेने के लिए भेजें. लेकिन वो दिल्ली हाई कोर्ट में आज की जमानत सुनवाई का इंतजार कर रही हैं. उम्मीद है राजपाल भाई को जमानत मिल जाएगी.'
केआरके ने किया एक्टर की संपत्ति को लेकर दावा
इस ट्वीट से पहले केआरके ने राजपाल यादव को लेकर कई चौंकाने वाले दावे भी किए थे. उनका कहना था कि एक्टर के पास 50 करोड़ रुपये की संपत्ति है, मगर वो खुद ही अपना कर्ज नहीं चुकाना चाह रहे. केआरके के मुताबिक, उन्हें ये बात एक्टर के करीबी दोस्त ने बताई है. उन्होंने ट्वीट करके लिखा, 'ये मामला राजपाल यादव और उनकी पत्नी के खिलाफ है. तो उनकी पत्नी जेल में क्यों नहीं हैं? क्योंकि मेरे दोस्त ने उन्हें 1.5 करोड़ रुपये का हिस्सा दिया है.'













