
अमित शाह ने पूर्णिया में की बड़ी बैठक, घुसपैठ और तस्करी पर रोक के लिए क्या बनी रणनीति?
ABP News
Amit Shah Bihar Visit: बैठक में सीमावर्ती जिलों से जुड़े कई अहम मुद्दों की समीक्षा की गई और भविष्य की रणनीति पर सहमति बनी. बैठक के बाद अमित शाह दिल्ली रवाना हो गए.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय सीमांचल दौरे पर बीते बुधवार (25 फरवरी, 2026) को बिहार आए थे. आज (शुक्रवार) तीसरे और अंतिम दिन था. इस मौके पर उन्होंने पूर्णिया में भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों पर हाई लेवल बैठक की. यह बैठक जीरो माइल स्थित एक होटल में हुई. इस दौरान सीमावर्ती जिलों की सुरक्षा, घुसपैठ पर रोक और खुफिया समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई.
बैठक में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, राज्य के डीजीपी, आईजी, सीमावर्ती रेंज के अधिकारी, 12 जिलों के डीएसपी, पूर्णिया, अररिया, कटिहार और किशनगंज सहित सीमावर्ती जिलों के डीएम-एसपी तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शामिल हुए. करीब 700 किलोमीटर लंबी भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा की निगरानी, प्रबंधन और समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.
सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों, अवैध घुसपैठ और तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नई रणनीति तय की गई. सीमा पर तकनीकी निगरानी बढ़ाने, खुफिया तंत्र मजबूत करने और अंतर-एजेंसी समन्वय को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया.
सीमांचल का क्षेत्र नेपाल और बांग्लादेश सीमा से सटा हुआ है. बैठक में इस पूरे बेल्ट को संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए. सीमावर्ती थानों की सक्रियता, एसएसबी और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर तालमेल तथा नियमित संयुक्त अभियान चलाने पर सहमति बनी.













