
अब ग्रुप में लेट आए तो भी No Tension! WhatsApp का नया फीचर बताएगा पूरी पुरानी चैट हिस्ट्री
ABP News
Whatsapp New Feature: दुनिया की लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने ग्रुप चैट को और बेहतर बनाने के लिए एक अहम फीचर शुरू किया है.
Whatsapp New Feature: दुनिया की लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप WhatsApp ने ग्रुप चैट को और बेहतर बनाने के लिए एक अहम फीचर शुरू किया है. इस नए अपडेट के जरिए अब किसी भी ग्रुप में जोड़े गए नए सदस्य को हाल की बातचीत का सार समझने में आसानी होगी. लंबे समय से यूजर्स इस तरह के फीचर की मांग कर रहे थे क्योंकि नए लोगों को ग्रुप की पिछली चर्चाओं का अंदाजा नहीं हो पाता था.
यह सुविधा धीरे-धीरे दुनियाभर में जारी की जा रही है और जल्द ही Android व iOS दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध होगी. इसे इस्तेमाल करने के लिए ऐप का लेटेस्ट वर्जन अपडेट करना जरूरी होगा.
अब तक जब किसी को ग्रुप में जोड़ा जाता था तो वह सिर्फ उसी समय के बाद भेजे गए मैसेज ही देख पाता था. पहले की बातचीत उससे छिपी रहती थी. ऐसे में नए सदस्य को बार-बार सवाल पूछने पड़ते थे या फिर दूसरे लोगों को पुरानी चैट अलग से फॉरवर्ड करनी पड़ती थी. इससे ग्रुप में रुकावट और भ्रम की स्थिति बन जाती थी.
नए फीचर के तहत ग्रुप एडमिन या अन्य सदस्य हाल के मैसेज चुनकर नए मेंबर के साथ साझा कर सकते हैं. इसमें 25 से लेकर 100 तक मैसेज चुनने का विकल्प मिलेगा. यानी जरूरत के हिसाब से सीमित और जरूरी जानकारी ही शेयर की जा सकेगी. यह प्रक्रिया पूरी तरह मैनुअल है. जैसे ही कोई नया व्यक्ति ग्रुप में जुड़ता है बाकी सदस्यों को मैसेज हिस्ट्री भेजने का विकल्प दिखाई देगा. इससे यह तय होगा कि सिर्फ प्रासंगिक जानकारी ही साझा हो.













