
अफगानिस्तान की सैन्य चौकियों पर PAK ने फिर किया अटैक, अफगान डिफेंस मंत्रालय बोला- निशाने पर इस्लामाबाद
ABP News
Afghanistan Pakistan Conflict: अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि इस्लामाबाद, एबटाबाद, नौशेरा और जमरूद में स्थित सैन्य अड्डों पर हवाई हमले किए गए.
Afghanistan Pakistan Conflict: अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच बढ़ते संघर्ष के बीच अफगानिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने बड़ा दावा किया है. मंत्रालय का कहना है कि इस्लामाबाद, एबटाबाद, नौशेरा और जमरूद में स्थित सैन्य अड्डों पर अफगानिस्तान ने हवाई हमले किए हैं. भारतीय समय के अनुसार दोपहर 12 बजे राजधानी इस्लामाबाद, एबटाबाद, नौशेरा और जमरूद में हमले किए जाने का दावा किया गया है.
अफगान रक्षा मंत्रालय के मुताबिक ये हवाई हमले आज सुबह काबुल, कंधार और पक्तिका में हुए पाकिस्तानी हवाई हमलों के जवाब में किए गए हैं. मंत्रालय का कहना है कि यह बदले की कार्रवाई है.
पाकिस्तानी सेना ने भी साधा निशाना
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के बीच जारी संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी सेना ने भी कुछ ही देर पहले अफगानिस्तान की सैन्य चौकियों को निशाना बनाया है. सीमा पर हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं. इस बीच पाकिस्तान के स्वाबी जिले में एक स्कूल की इमारत के पास आत्मघाती ड्रोन गिरने की खबर है. बताया जा रहा है कि इस इमारत में पाकिस्तानी सेना की एक टुकड़ी रह रही थी. स्वाबी की घटना के बाद खैबर पख्तूनख्वाह प्रांत के नौशेरा इलाके में भी एक सैन्य इकाई के पास धमाका हुआ है. धमाके के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच जारी है.













