
Telangana Gas Crisis: जंग के बीच गैस की किल्लत, इधर LPG फिलिंग सेंटर वाले कर रहे खेल, 40 सिलिंडर जब्त
ABP News
Telangana Gas Crisis: तेलंगाना के सूर्यापेट में पुलिस ने अवैध LPG गैस फिलिंग सेंटर पर छापा मारकर 40 सिलिंडर और गैस भरने के उपकरण जब्त किए गए हैं. इस बीच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में पुलिस ने अवैध LPG गैस फिलिंग सेंटरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की. इस अभियान में पुलिस ने 20 कमर्शियल और 20 डोमेस्टिक सिलिंडर जब्त किए, साथ ही गैस भरने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी अपने कब्जे में ले लिए. इस पूरी कार्रवाई ने जिले में चल रहे एक बड़े अवैध गैस कारोबार का पर्दाफाश किया है.
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी एक सुनियोजित तरीके से इस धंधे को अंजाम दे रहे थे. वे डोमेस्टिक यानी घरेलू गैस सिलिंडरों से गैस निकालकर उसे कमर्शियल सिलिंडरों में भरते थे. घरेलू उपयोग के लिए सरकार की तरफ से सब्सिडी पर उपलब्ध कराई गई गैस को इस प्रकार कमर्शियल कामों के लिए इस्तेमाल करना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह आम जनता के साथ सीधा धोखा भी है. इस अवैध तरीके से भरे गए कमर्शियल सिलिंडरों को बाजार में ऊंची कीमतों पर बेचा जाता था, जिससे आरोपी मोटा मुनाफा कमा रहे थे.
गैर-कानूनी फिलिंग प्रोसेस खतरनाक
इस पूरे मामले में जो सबसे चिंताजनक पहलू सामने आया है, वह यह है कि इस तरह की गैर-कानूनी फिलिंग प्रोसेस बेहद खतरनाक होती है. बिना सही तकनीकी उपकरणों और सुरक्षा मानकों के एक सिलिंडर से दूसरे सिलिंडर में गैस भरना कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है. ऐसे अवैध केंद्रों के आसपास रहने वाले लोगों की जान हमेशा खतरे में रहती है. पुलिस ने इस संवेदनशील पहलू को ध्यान में रखते हुए तत्काल कार्रवाई की और इन केंद्रों को बंद कराया.













