
होर्मुज में जहाजों को स्कॉर्ट करेगा अमेरिका? ट्रंप कब करेंगे ऐलान, 7 देशों संग बन रहे प्लान
ABP News
Strait of Hormuz: अमेरिका अगले हफ्ते स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा के लिए कई देशों के साथ गठबंधन बनाने की घोषणा कर सकता है.
Strait of Hormuz: अमेरिका जल्द ही स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सुरक्षित बनाने के लिए एक अंतरराष्ट्रीय गठबंधन की घोषणा कर सकता है. दुनिया के प्रमुख देशों के सहयोग से बनने वाले इस गठबंधन का मकसद व्यापारिक जहाजों को समुद्री खतरे और बढ़ते तनाव से सुरक्षित रखना है. यह कदम उस समय उठाया जा रहा है जब मध्यपूर्व में संघर्ष तेज हो रहा है और जलसंधि में आवाजाही लगभग ठप हो गई है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति और ईंधन की कीमतों पर असर पड़ा है.
वाल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, युद्ध के हालात इस घोषणा के समय को प्रभावित कर सकते हैं. अमेरिका के करीबी सहयोगियों ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपील पर अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है. ट्रंप ने देशों से कहा कि वे युद्धपोत भेजें ताकि कंटेनर जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित होकर गुजर सकें. यह जलमार्ग मार्च के पहले सप्ताह से लगभग बंद पड़ा है. यहां से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत तेल का परिवहन होता है. जलमार्ग में जहाजों की आवाजाही रुकने से दुनिया भर में ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं.
ट्रंप की अपील और देशों की प्रतिक्रिया
चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया और ब्रिटेन को ट्रंप ने विशेष रूप से अपने आह्वान में शामिल किया. अमेरिकी ऊर्जा सचिव क्रिस राइट ने कहा कि वे इन देशों के साथ बातचीत कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि चीन इस मामले में "सकारात्मक सहयोगी" बनेगा और जलसंधि खोलने में मदद करेगा. हालांकि किसी भी देश ने सार्वजनिक तौर पर ठोस प्रतिबद्धता नहीं दिखाई है.













