
T20 World Cup जीत कर ईशान किशन पहुंचे पटना, खेल मंत्री श्रेयशी सिंह बुके देकर किया स्वागत
ABP News
Patna News In Hindi: T20 वर्ल्ड कप के फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ईशान किशन पटना पहुंचे. पटना एयरपोर्ट पर बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने उनका स्वागत किया.
T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद बिहार के लाडले क्रिकेटर ईशान किशन पटना पहुंचे. ईशान किशन के स्वागत के लिए बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह पटना एयरपोर्ट पर पहुंची और फूल के बुके देकर का स्वागत किया और हौसला बढ़ाया. श्रेयसी सिंह ने ईशान की जहां तारीफ की तो अपने अंदर छुपे दर्द का भी उजागर किया. श्रेयशी सिंह ने कहा कि, "हम अंतरराष्ट्रीय पदक जीत कर आए थे तो बिहार से कोई मुझे भी लेने के लिए नहीं आया था."
उन्होंने कहा कि, बिहार के खिलाड़ियों को बेहतर व्यवस्था मिल सके, किस तरह से मान सम्मान बढ़ाया जा सके, उसके लिए हम पूरी तरह से समर्पित हैं. इसी सोच के साथ ईशान किशन को रिसीव करने के लिए पटना एयरपोर्ट पर आई थी. उन्होंने अपनी पुरानी यादों को ताजा करते हुए कहा कि, जब हम पहला अंतरराष्ट्रीय पदक जीतकर आए थे, तब सभी खिलाड़ियों को लेने के लिए लोग आए थे. उन्होंने कहा कि उस वक्त हमारे लिए अफ़सोस जनक बात यह रही थी कि बिहार से हमें लेने के लिए कोई नहीं आया था.
उन्होंने कहा कि अब हम खिलाड़ी से हटकर खेल मंत्री हो गए हैं, तो हमारा दायित्व और हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हमारे बिहार के जो खिलाड़ी हैं, अच्छा प्रदर्शन करके बिहार लौटे हैं तो उनके पास हम जाएं और वही कर्तव्य का हमने पालन किया है. ईशान किशन और उनके परिवार एवं भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों को हमारी ओर से शुभकामना है और बधाई है. बिहार की मंत्री ने कहा कि ईशान किशन ने दो बार वर्ल्ड कप में प्रदर्शन किया है, इसी तरह आगे भी वह अपना खेल में प्रदर्शन करके बिहार और झारखंड का नाम उज्जवल करें.
श्रेयशी सिंह कहा कि, भारतीय टीम का T20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन रहा, वह बहुत ज्यादा प्रसन्नता करने वाला क्षण था. जिस तरह से बिहार के लाल ईशान किशन ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करके दिखाया, एक बिहारी होने के नाते हमें बहुत गर्व होता है. उम्मीद करते हैं ईशान इसी तरह खेल में आगे बढ़ पाएंगे. हम चाहते हैं कि बिहार के खिलाड़ी इसी तरह बिहार और भारत का नाम ऊंचा करते रहें.













