
Rahul Gandhi Martial Arts: नॉर्थ ईस्ट के छात्रों को मार्शल आर्ट सिखाएंगे राहुल गांधी, दिल्ली में खास सत्र का होगा आयोजन, जानें क्यों लिया ये फैसला
ABP News
Rahul Gandhi: राहुल गांधी दिल्ली में नॉर्थ ईस्ट के छात्रों को मार्शल आर्ट और आत्मरक्षा की ट्रेनिंग देंगे. 18 छात्रों के डेलिगेशन के साथ इंटरैक्टिव सत्र में सुरक्षा और आत्मविश्वास पर चर्चा होगी.
देश की राजनीति के बीच एक अलग पहल करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी नॉर्थ ईस्ट के छात्रों को मार्शल आर्ट और आत्मरक्षा के गुर सिखाते नजर आएंगे. दिल्ली में आयोजित एक विशेष सत्र में नॉर्थ ईस्ट के 18 छात्रों का एक डेलिगेशन राहुल गांधी से ट्रेनिंग लेने पहुंचा है.
सूत्रों के मुताबिक इस डेलिगेशन में लड़के और लड़कियां दोनों शामिल हैं, जो बाकायदा मार्शल आर्ट की ड्रेस में कार्यक्रम में पहुंचे हैं. छात्रों का यह समूह आत्मरक्षा से जुड़ी तकनीकों को सीखने के लिए राहुल गांधी के साथ एक इंटरैक्टिव सत्र में हिस्सा लेगा. इस दौरान राहुल गांधी की पूरी टीम भी मौके पर मौजूद है और कार्यक्रम को लेकर खास तैयारी की गई है.
नॉर्थ ईस्ट के छात्रों की सुरक्षा का मुद्दा
दरअसल, नॉर्थ ईस्ट के छात्रों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों में होने वाली हिंसा और हमलों का मुद्दा पिछले कुछ समय से चर्चा में रहा है. इसी संदर्भ में राहुल गांधी लगातार नॉर्थ ईस्ट के छात्रों की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा उठाते रहे हैं. इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए अब राहुल गांधी छात्रों को आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट की ट्रेनिंग देने जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि इस सत्र का उद्देश्य छात्रों को आत्मविश्वास देना और यह संदेश देना है कि वे किसी भी परिस्थिति में खुद की सुरक्षा कर सकें.













