
PM मोदी ने UAE के राष्ट्रपति से फोन पर की बात, ईरान के हमलों की निंदा की, जानें और क्या हुई बात?
ABP News
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति से फोन पर बात की. पीएम मोदी ने ईरान के हमलों की निंदा की. साथ ही कहा कि भारत तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करता है.
यूएस-इजरायल के ईरान पर अटैक के बाद मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ा हुआ है. संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के ऊपर भी हमले हुए हैं. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से फोन पर बात की है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पीएम मोदी ने इस बातचीत के बारे में खुद जानकारी दी है. प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में कहा, भारत यूएई के ऊपर हुए हमलों की कड़ी निंदा करता है. साथ ही उन्होंने जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरी संवेदना भी व्यक्त कीं.
प्रधानमंत्री ने कहा, भारत इन कठिन परिस्थितियों के बीच में संयुक्त अरब अमीरात के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़ा हुआ है. प्रधानमंत्री मोदी ने यूएई में भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल के लिए उठाए गए कदमों को लेकर यूएई के राष्ट्रपति का आभार भी जताया. उन्होंने साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थितरता और तनाव कम करने का समर्थन किया.
पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, 'मैंने संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति, मेरे भाई शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से बात की. मैंने संयुक्त अरब अमीरात पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की और इन हमलों में जान गंवाने वालों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की. भारत इस कठिन समय में संयुक्त अरब अमीरात के साथ एकजुटता से खड़ा है. मैंने संयुक्त अरब अमीरात में रहने वाले भारतीय समुदाय की देखभाल करने के लिए उनका आभार व्यक्त किया. हम तनाव कम करने, क्षेत्रीय शांति, सुरक्षा और स्थिरता का समर्थन करते हैं.'













