
PM मोदी के इजरायल दौरे से पहले नेतन्याहू को सता रहा डर! चुटकियों में संसद भरने का निकाला जुगाड़, उठाया बड़ा कदम
ABP News
PM Modi Israel Visit: PM मोदी कल यानी बुधवार को इजरायल दौरे पर जा रहे हैं, लेकिन इस बीच वहां से बड़ी खबर सामने आई है. इजरायल के सांसदों ने PM मोदी के भाषण का बहिष्कार करने का ऐलान किया है.
इजरायल की संसद नेसेट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित भाषण को लेकर बड़ा विवाद छिड़ गया है. इजरायल की विपक्षी पार्टियां बायकॉट की धमकी दे रही हैं, जिससे संसद में खाली सीटों की समस्या हो सकती है. इसे देखते हुए इजरायल के संसद स्पीकर आमिर ओहाना ने एक अनोखी योजना बनाई है. उन्होंने पूर्व सांसदों को बुलाने का फैसला किया है, ताकि वे खाली जगहों पर बैठ सकें और PM मोदी के सामने इजरायल की कोई किरकिरी न हो. PM मोदी बुधवार यानी 25 फरवरी 2026 को इजरायल के दौरे पर जा रहे हैं, जहां कई अहम समझौते भी होने की उम्मीद है.
इजरायल में विपक्ष को PM मोदी के भाषण से क्या दिक्कत?
यह खबर ऐसे समय आई है जब भारत और इजरायल के बीच रक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में नए करार की चर्चा जोरों पर है. इजरायल में PM मोदी का स्वागत बड़े स्तर पर किया जा रहा है, लेकिन घरेलू राजनीति ने इसमें रोड़ा अटका दिया है. विपक्ष का कहना है कि अगर सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस यित्जाक एमित को आमंत्रित नहीं किया गया, तो वे भाषण का बहिष्कार करेंगे.
इजरायल में यह एक पुरानी परंपरा है कि विदेशी नेताओं के संसद संबोधन के दौरान चीफ जस्टिस को बुलाया जाता है. लेकिन प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार ने जस्टिस एमित की योग्यता पर सवाल उठाते हुए उन्हें न्योता नहीं देने का फैसला किया है.













