
Khamenei Death: खामेनेई की मौत से दुखी राजस्थान के शिया मुसलमान नहीं मनाएंगे ईद, काली पट्टी बांधकर पढ़ेंगे नमाज
ABP News
Khamenei Death: ईरान के अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन से राजस्थान के शिया मुसलमान गम और गुस्से में हैं। ईद नहीं मनाने का फैसला लिया गया है, सिर्फ काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक नमाज होगी.
ईरान में दुनिया भर के शिया समुदाय के सबसे बड़े धार्मिक नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत की खबर से राजस्थान समेत भारत के कई हिस्सों में शिया मुसलमान भी गमजदा हैं. उनमें गहरा गम और जबरदस्त गुस्सा देखने को मिल रहा है. राजस्थान में भी शिया मुसलमान के घरों में मातम पसरा हुआ है.
शिया मुसलमानों के तमाम संगठनों ने खामेनेई की मौत के चलते इस साल ईद नहीं मानने का फैसला किया है. तय किया गया है कि ईद के त्योहार पर ना तो नए कपड़े पहने जाएंगे और ना ही घरों में सिवइयां बनेंगी. किसी तरह की खुशियां भी नहीं मनाई जाएंगी. रस्म अदा करने के लिए प्रतीकात्मक तौर पर ईद की नमाज पढ़ी जाएगी, वह भी काली पट्टी बांधकर. अलविदा जुमे की नमाज भी काली पट्टी में ही पढ़ी जाएगी.
रमजान के महीने में मोहर्रम की तरह मातम
राजस्थान के तकरीबन सभी शहरों के शिया मुसलमानों में शोक की लहर है. सबसे बड़े धार्मिक नेता को रमजान के पाक महीने में मारे जाने को लेकर लोगों में ज्यादा गुस्सा है. राजधानी जयपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर, झालावाड़, जोधपुर और बूंदी समेत तमाम शहरों में लोग गहरे गम और गुस्से में हैं. रमजान के महीने में भी मोहर्रम की तरह मातम पसरा हुआ है.













