
Jharkhand News: लातेहार पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 10 लाख का इनामी नक्सली कमांडर मृत्युंजय गिरफ्तार
ABP News
Jharkhand News in Hindi: पुलिस ने भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है. 10 लाख के इनामी जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां और 2 लाख के इनामी सब जोनल कमांडर बबलू को गिरफ्तार किया है.
लातेहार जिला पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भाकपा माओवादी नक्सली संगठन की कमर तोड़ दी. पुलिस ने माओवादी नक्सली संगठन के जोनल कमांडर 10 लाख का इनामी मृत्युंजय भुइयां और 2 लाख का इनामी सब जोनल कमांडर बबलू को गिरफ्तार कर लिया.
मृत्युंजय भुइयां पर कुल 104 नक्सली हिंसा के मामले विभिन्न थाना क्षेत्र में दर्ज हैं. अलग-अलग नक्सली घटनाओं में 44 पुलिसकर्मियों की हत्या कांड में यह शामिल था. मृत्युंजय लातेहार जिले के छिपादोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह चकलवा टोला का रहने वाला है. जबकि बबलू राम बिहार के अरवल जिले के किंजर थाना क्षेत्र का रहने वाला है.
लातेहार एसपी कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि जोनल कमांडर मृत्युंजय अपने कुछ साथियों के साथ जरूरत के समान को लेने के लिए छिपादोहर थाना क्षेत्र के हरिणामाड़ गांव के आसपास आने वाला है. सूचना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की टीम गठित की गई और नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की गई. इसी दौरान दो नक्सली मृत्युंजय भुइयां और बबलू राम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से एक एके-47 स्वचालित हथियार, 21 गोलियां और 1 लाख 60 हजार रुपए बरामद किए गए.
लातेहार एसपी कुमार गौरव ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली मृत्युंजय पर लातेहार समेत दूसरे जिले के विभिन्न थाना क्षेत्र में नक्सली हिंसा के 104 मामले दर्ज हैं. उन्होंने बताया कि मृत्युंजय लगभग 20 वर्षों से नक्सली संगठन में सक्रिय रहा है. विभिन्न थाना क्षेत्र में हुए मुठभेड़ और हिंसक घटनाओं में यह मुख्य रूप से शामिल रहता था. उन्होंने बताया कि नक्सलियों के खिलाफ पुलिस के द्वारा लगातार अभियान चलाई जा रही है.













