
Jehanabad News: जहानाबाद में युवक की हत्या, घर के पास खड़ा था, बदमाशों ने पेट में मारी गोली
ABP News
Bihar Crime News: मृतक युवक की पहचान मिश्रबिगहा गांव निवासी शैलेश कुमार के रूप में हुई है. घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है. युवक भी कई कांडों में आरोपी था.
जहानाबाद में सोमवार (23 फरवरी, 2026) की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना परस बीघा थाना क्षेत्र के नौरू गांव की है. मृतक युवक की पहचान मिश्रबिगहा गांव निवासी शैलेश कुमार के रूप में हुई है. इस घटना के पीछे आपसी रंजिश की बात कही जा रही है.
जिसे इलाके में यह घटना हुई है वह जहानाबाद जिला मुख्यालय से चंद दूरी पर है. बताया जाता है कि मिश्रबिगहा गांव निवासी युवक शैलेश कुमार अपने घर के पास खड़ा था. इसी दौरान बाइक सवार चार-पांच बदमाश वहां पहुंचे. एक बदमाश युवक के पास गया और कुछ बातचीत करने लगा. इसके बाद अचानक पेट में गोली मार दी.
गोली मारते ही बदमाश मौके से फरार हो गए. गोली जैसे ही पेट में लगी तो युवक जमीन पर गिर पड़ा. गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. आनन-फानन में बाइक से ही युवक को लोग सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. यहां प्राथमिक उपचार कर युवक की गंभीर हालत को देखते हुए पीएमसीएच (पटना) रेफर कर दिया गया. पटना ले जाने के क्रम में युवक की रास्ते में ही मौत हो गई.
घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पूछताछ की गई. हालांकि घटना के पीछे का कारण क्या है यह पता नहीं चला है. जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.













