
Israle-Iran War: इजरायल और अमेरिका के हमले में खामेनेई की मौत पर भड़के पुतिन, कहा-यह हत्या घोर...
ABP News
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका और इजरायल पर निशाना साधा है.
इजरायल और अमेरिका के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का पहला रिएक्शन सामने आया है. उन्होंने खामेनेई की मौत पर दुख जताया है. क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरानी सर्वोच्च नेता अली खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या पर ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है.
पुतिन ने कहा कि यह हत्या मानवीय नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय कानून की घोर अवहेलना करते हुए की गई थी. उन्होंने कहा कि रूस में खामेनेई को एक उत्कृष्ट राजनेता के रूप में याद किया जाएगा, जिन्होंने रूस और ईरान के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया. इसके साथ ही पुतिन ने पेजेशकियन से खामेनेई के रिश्तेदारों और प्रियजनों के साथ-साथ ईरान की सरकार और लोगों के प्रति अपनी हार्दिक सहानुभूति और समर्थन व्यक्त करने के लिए भी कहा है.
सुप्रीम नेता खामेनेई की मौत के बाद ईरान ने अमेरिका और इजरायल से बदला लेने की कसम खाई है. ईरान के सबसे ताकतवर लोगों में से एक, सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल के सेक्रेटरी अली लारीजानी ने अमेरिका के दिल में चाकू घोपने की बात कही. उन्होंने अमेरिका और इजरायल के खिलाफ और जवाबी कार्रवाई का वादा करते हुए कहा, 'हमारी सेना का रिएक्शन और भी ज्यादा मजबूत होगा. उन्हें पता होना चाहिए कि वे बस हमला करके भाग नहीं सकते.'
(ये स्टोरी अपडेट की जा रही है...)













