
Israel Iran War: ईरान-इजरायल युद्ध के बीच मुजफ्फरनगर में बढ़ी चिंता, खाड़ी देशों में रह रहे जिले के हजारों लोग
ABP News
Israel Iran War: मुजफ्फरनगर के लगभग दो हजार से अधिक लोग खाड़ी देशों में रहकर काम कर रहे हैं, ईरान और इजरायल के बीच उपजे तनाव के कारण परिजनों की चिंताएं बढ़ गई है.
ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जारी तनाव का असर अब उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर तक महसूस किया जा रहा है. जनपद के कुटेसरा गांव के तकरीबन 2000 से 2500 लोग खाड़ी देशों में काम करते हैं. मौजूदा हालात के बीच गांव में रह रहे उनके परिजनों की चिंता बढ़ गई है.
ग्रामीणों के अनुसार, गांव के युवा सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (दुबई), कतर और कुवैत जैसे देशों में मजदूरी, क्लीनिंग, सिलाई और अन्य कामों में लगे हुए हैं. कुछ लोग रियाद में कंपनियों में कार्यरत हैं.
मुजफ्फरनगर जनपद से बड़ी संख्या में लोग खाड़ी देशों में काम करने के लिए गए हुए हैं, जिसके चलते यहां के जिला प्रशासन ने भी इमरजेंसी कंट्रोल रूम जिला कलेक्ट्रेट में बनाया है. इमरजेंसी कंट्रोल रूम का हेल्पलाइन नंबर 1077 भी जारी किया गया हैं. जिससे कि कोई भी व्यक्ति जिनका अपना युद्धग्रस्त देश में फंसा हुआ हैं, वह उसकी जानकारी दे सकता है और लाने की कोशिश भी कर सकता है.
कुटेसरा गांव के पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद कामिल के अनुसार, गांव के लगभग 2000 या 2500 लड़के खाड़ी देश दुबई, कतर, सऊदी गए हैं, जबकि ईरान में बहुत कम लोग गए हैं. उन्होंने बताया कि इस गांव की जनसंख्या लगभग 30000 है, जिनमें 1700 के लगभग मतदाता हैं.













