
India-Brazil Trade Deal: भारत-ब्राजील के बीच ट्रेड डील पर हस्ताक्षर, PM मोदी ने कहा- 'आतंकवाद के खिलाफ दोनों देश साथ...'
ABP News
India-Brazil Trade Deal: पीएम मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा की वार्ता में व्यापार, टेक्नोलॉजी और AI सहयोग को नई दिशा दी है. दोनों देशों के बीच ट्रेड डील पर हस्ताक्षर हो गया है.
भारत और ब्राजील के रिश्तों में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है. भारत-ब्राजील के बीच ट्रेड डील पर हस्ताक्षर हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता में ऐसे अहम मुद्दों पर सहमति बनी है, जो दोनों देशों की अर्थव्यवस्था को नई गति दे सकते हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति लूला और उनके प्रतिनिधिमंडल का भारत में स्वागत करते हुए कहा, 'मुझे प्रेसिडेंट लूला और उनके डेलीगेशन का भारत में स्वागत करते हुए बहुत खुशी हो रही है. उनके विजन और प्रेरणादायक नेतृत्व से भारत-ब्राजील संबंधों को लंबे समय से लाभ मिला है.'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में दोनों नेताओं के बीच कई मुलाकातें हुई हैं और हर बार भारत के प्रति राष्ट्रपति लूला की गहरी मित्रता और विश्वास स्पष्ट रूप से महसूस हुआ है. पीएम मोदी ने कहा कि राष्ट्रपति लूला का यह दौरा ऐतिहासिक AI इम्पैक्ट समिट को भी नई ऊर्जा देता है और दोनों देशों की स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप को मजबूत करता है.













