
चिराग पासवान की इस रणनीति से यूपी में बढ़ी अखिलेश यादव की मुश्किलें, सियासी हलचल तेज
ABP News
UP Politics: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी भदोही में एक्टिव हो गई है. पार्टी ने बीते कुछ समय में यहां अपनी पार्टी का संगठन भी मजबूत किया है, जिससे सपा की मुश्किल बढ़ सकती है.
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय कैबिनेट मंत्री चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर भदोही जिले में राजकीय मेडिकल कॉलेज की स्थापना की प्रमुख मांग की है. जिसके बाद जनपद में सियासी हलचलें तेज हो गई हैं. बीते कुछ समय में इस क्षेत्र में लोजपा का तेजी से विस्तार हुआ है.
बिहार प्रदेश से आने वाले केंद्रीय मंत्री चिराग़ पासवान की पार्टी, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले NDA का प्रमुख हिस्सा है. उन्होंने अपने पत्र में बताया कि हाल ही में पार्टी के उत्तर प्रदेश महासचिव व भदोही जनपद प्रभारी कमल तिवारी ने आम गरीब जनता से जुड़ी जिले की प्रमुख समस्याओं का ज्ञापन उन्हें सौंपा था, जिसमें मेडिकल कॉलेज की मांग प्रमुख थी.
भदोही में लोक जनशक्ति पार्टी जिस तरह से अपनी सक्रियता बढ़ा रही है, उससे यहां पर सियासी हलचलें तेज हो गई. बीते कुछ दिनों में लोजपा के साथ बड़ी संख्या में लोग जुड़ते हुए दिखाई दिए है और अब चिराग पासवान खुलकर भदोही के लिए बैटिंग करते दिखाई दे रहे है. जिससे आने वाले चुनावों में निषाद पार्टी और समाजवादी पार्टी की राजनीतिक चुनौतियां बढ़ सकती हैं.
पासवान ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि भदोही जिले में विश्वप्रसिद्ध कालीन उद्योग के कारण अंतरराष्ट्रीय पहचान है, लेकिन जिले में दशकों से उच्च स्तरीय अस्पताल का अभाव है. यहां किसी भी गंभीर दुर्घटनाओं या आपात स्थिति में मरीजों को वाराणसी या प्रयागराज ले जाना पड़ता है, जिससे कई बार समय पर इलाज न मिलने से रास्ते में या देरी होने पर और अस्पताल पहुंचते पहुंचाते समय मरीज अस्पताल में दम तोड़ (जान चली जाती है) देते है.













