
Holi 2026: देशभर में होली की धूम, CM योगी, रेखा गुप्ता समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी बधाई
ABP News
Holi 2026 News: देशभर में होली उत्साह के साथ मनाई जा रही है और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. नेताओं ने सुख, समृद्धि और सामाजिक समरसता की कामना की है.
देशभर में धूमधाम से होली मनाई जा रही है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित दिल्ली, मध्य प्रदेश, हरियाणा और बिहार के मुख्यमंत्रियों ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए नेताओं ने रंगों के इस पर्व पर सुख, समृद्धि और सामाजिक समरसता की कामना की.
रंगों का पर्व होली पूरे देश में उत्साह और उमंग के साथ मनाया जा रहा है. मंदिरों, घरों और सार्वजनिक स्थलों पर लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दे रहे हैं. यह त्योहार वसंत ऋतु के आगमन और शीत ऋतु की विदाई का प्रतीक माना जाता है.
रंगवाली होली, बड़ी होली और धुलंडी के नाम से प्रसिद्ध यह पर्व सामाजिक मेलजोल को मजबूत करता है. परिवारों और मित्रों के बीच आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश इस दिन विशेष रूप से दिखाई देता है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए लिखा कि रंग, उमंग और सामाजिक समरसता के पावन पर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं. उन्होंने प्रभु श्री राम से प्रार्थना की कि यह रंगोत्सव सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और नई ऊर्जा लेकर आए.













