
Gaya News: ईंटों के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे अंग्रेजी शराब, पकड़ने गई पुलिस टीम पर किया हमला
ABP News
Gaya News In Hindi: गया जिले में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रैक्टर में ईंटों के नीचे छिपाकर अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है. जिससे बरामद करने गई पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया.
बिहार के गया जिले में शराब की बरामद करने गई पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया, जिसमें दो पुलिस अधिकारी घायल हो गए और पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया. यह घटना शनिवार (28 फरवरी) देर शाम जगदीशपुर-मखपा के पास हुई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है.
जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रैक्टर के डल्ला में ईंटों के नीचे छिपाकर अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप केसपा की ओर ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और केसपा मोड़ के पास संदिग्ध ट्रैक्टर का पीछा किया. जब पुलिस ने जगदीशपुर के समीप ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की, तो चालक पुलिस को देखकर चलती गाड़ी से कूदकर फरार हो गया. चालक के कूदते ही ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया.
ट्रैक्टर पलटने के बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई. पुलिस जब जब्ती की कार्रवाई कर रही थी, तभी बड़ी संख्या में पहुंचे उपद्रवियों ने टीम पर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा.
हमले में अलीपुर थाना के एसएचओ सत्यम और टिकारी थाना में पदस्थापित एसआई सुनील कुमार घायल हो गए. वहीं अलीपुर थाना की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई. टिकारी के एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए आसपास के कई थानों की पुलिस को मौके पर भेजा गया. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावरों की पहचान की जा रही है. वहीं गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.













