
Delhi Crime: ईरानी महिला के पर्स से 1.43 लाख रुपए गायब, चोरी के आरोप में ऐसे पकड़ा गया बस हेल्पर
AajTak
ISBT कश्मीरी गेट पर बस से उतरते वक्त एक छोटी सी भूल बड़ी चोरी में बदल गई. ईरानी महिला का पर्स तो मिल गया, लेकिन उसमें रखे 1600 अमेरिकी डॉलर गायब थे. शिकायत के बाद पुलिस ने कड़ी जांच की और बस हेल्पर की चालाकी बेनकाब कर चोरी की पूरी रकम बरामद कर ली.
दिल्ली में विदेशी नागरिक को निशाना बनाकर की गई चोरी के एक मामले में पुलिस ने बस हेल्पर को गिरफ्तार किया है. कश्मीरी गेट ISBT से जुड़े इस केस में पुलिस ने आरोपी के पास से 1600 डॉलर (करीब 1.43 लाख रुपए) बरामद कर लिए हैं, जो एक ईरानी महिला के पर्स से चुराए गए थे. यह मामला 15 दिसंबर को सामने आया था.
दिल्ली यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर और मुखर्जी नगर निवासी डॉ. अली अकबर शाह ने ISBT कश्मीरी गेट पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी मेहमान फरेशतेह सयांजलि, जो ईरान की नागरिक हैं, 13 दिसंबर को भारत आई थीं. वो उनके घर ठहरी हुई थीं. फरेशतेह उत्तराखंड के ऋषिकेश घूमने गई थीं.
15 दिसंबर को प्राइवेट बस से दिल्ली लौट रही थीं. दोपहर करीब 1.45 बजे ISBT कश्मीरी गेट पर उतरते वक्त वो गलती से अपना पर्स बस की सीट पर छोड़ गईं. कुछ देर बाद बस ऑपरेटर का फोन आया और बताया गया कि पर्स बस में मिल गया है. हालांकि, जब पर्स महिला को वापस किया गया तो उसमें रखे 1600 डॉलर कैश गायब थे.
इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को दी गई. डॉ. अली अकबर शाह के बयान के आधार पर 16 दिसंबर को कश्मीरी गेट थाना में FIR दर्ज करके जांच शुरू हुई. पुलिस टीम ने उस बस के ड्राइवर और कंडक्टर से पूछताछ की, जिसमें महिला ने सफर किया था. पूछताछ के दौरान कंडक्टर ने बताया कि पर्स बस हेल्पर मोनिश को सीट पर पड़ा मिला था.
उसने पर्स उसे सौंप दिया था. इसके बाद पुलिस ने मोनिश से सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी. शुरुआत में उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में पर्स से अमेरिकी डॉलर चुराने की बात कबूल कर ली. उसके खुलासे के बाद पुलिस ने 17 दिसंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया और चोरी की गई पूरी रकम बरामद कर ली.
आरोपी की पहचान 26 वर्षीय मोनिश के रूप में हुई है, जो नॉर्थ दिल्ली के जहांगीरपुरी का रहने वाला है. पुलिस ने बताया कि मोनिश 10वीं तक पढ़ा है और पिछले एक साल से प्राइवेट बस सर्विस में हेल्पर के तौर पर काम कर रहा था. इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. आरोपी से पुलिस हिरासत में विस्तृत पूछताछ की जा रही है.

दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक डबल डेकर अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं कई अन्य यात्री घायल हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 25 यात्री सवार थे. फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, राजस्थान की एक बस हनुमान मंदिर चौक के पास पलट गई. इस दौरान यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया और 23 यात्री घायल हो गए.

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, PAK से नेपाल के रास्ते आ रहे विदेशी हथियारों का जखीरा बरामद, 10 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े इस नेटवर्क के 10 गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से सब-मशीन गन सहित 21 विदेशी अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए हैं जो दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टरों को सप्लाई किए जाने थे.

13 साल से कोमा में रहे हरीश राणा का आज दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क में अंतिम संस्कार कर दिया गया. सुप्रीम कोर्ट से निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति के बाद उनका एम्स में निधन हुआ था. अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा. परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी. इससे पहले उनके पिता ने एक मैसेज जैसे ही व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा, उसे पढ़ते ही लोगों की आंखों से आंसू निकल आए.

क्रिकेटर रिंकू सिंह लखनऊ में आयोजित समारोह में सरकारी नौकरी का नियुक्ति पत्र लेने नहीं पहुंचे. रिंकू को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी पद मिला है. इस समय वह आईपीएल की तैयारियों में जुटे हैं, जहां वे कोलकाता नाईट राइडर्स के लिए खेलते हैं. उन्हें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने छह अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को नौकरी का लेटर सौंपा और कई खिलाड़ियों को पुरस्कारों से सम्मानित किया.









