
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बर्ड फ्लू को लेकर अलर्ट, 4400 मुर्गियां मारी गईं, 10KM का इलाका कंटेनमेंट जोन
AajTak
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) ने दस्तक दे दी है. कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म में संक्रमण की वजह से 4,400 मुर्गियों की मौत हो गई है. प्रशासन ने एहतियातन 10 किलोमीटर के दायरे को निगरानी क्षेत्र घोषित कर दिया है और मुर्गियों को मारने (कलिंग) की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सरकारी मुर्गी फार्म में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) के प्रकोप से 6 दिनों में 4,400 मुर्गियां मर गई हैं. स्थानीय प्रशासन ने घटना को गंभीर मानते हुए पूरे इलाके में अलर्ट जारी कर दिया है. साथ ही प्रशासन ने एहतियातन 10 किलोमीटर के दायरे को निगरानी क्षेत्र घोषित कर दिया है और मुर्गियों को मारने (कलिंग) की प्रक्रिया शुरू कर दी है. अधिकारियों ने बताया कि बिलासपुर के कोनी क्षेत्र स्थित राज्य संचालित मुर्गी फार्म में कुल 5,037 मुर्गियां रखी गई थीं. 19 मार्च से 24 मार्च के बीच कुल 4,400 मुर्गियां मर गईं. मृत मुर्गियों के सैंपल सोमवार को भोपाल और पुणे की लैबोरेटरी में भेजे गए. भोपाल की लैब ने एवियन इन्फ्लूएंजा की पुष्टि कर दी है. इसके बाद जिला कलेक्टर संजय अग्रवाल ने 'संशोधित कार्य योजना 2021' के तहत तत्काल रोकथाम के निर्देश जारी किए हैं. प्रशासन ने फार्म के एक किलोमीटर के दायरे को 'संक्रमित क्षेत्र' और 10 किलोमीटर के दायरे को 'निगरानी क्षेत्र' घोषित कर दिया है। प्रभावित इलाके में मुर्गियों, अंडों और पोल्ट्री फीड को नष्ट करने के साथ ही उनके परिवहन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है. प्रोटोकॉल के अनुसार, संक्रमित क्षेत्र के अंदर मौजूद सभी पक्षियों को मारकर उनका सुरक्षित निपटान किया जाएगा. इस नुकसान के लिए पशुपालन विभाग द्वारा पक्षी मालिकों को मुआवजा दिया जाएगा. कलिंग की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पोल्ट्री फार्म को पूरी तरह सील कर दिया जाएगा. रैपिड रिस्पांस टीमें प्रभावित इलाकों में सैनिटाइजेशन और निगरानी का कार्य कर रही हैं. प्रशासन ने राजस्व, पुलिस और पंचायत विभागों के साथ समन्वय बनाकर सख्त निगरानी लागू की है. पोल्ट्री फार्म में काम करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य की भी मॉनिटरिंग की जा रही है. यदि किसी में लक्षण दिखते हैं तो उनकी जांच कर एंटीवायरल दवाएं दी जाएंगी. जिला मजिस्ट्रेट ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और अधिकारियों का सहयोग करने की अपील की है. अधिकारियों ने बताया कि राहत की बात ये है कि जिले में अभी तक इंसानों में संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है. अधिकारियों ने पूरे जिले में पोल्ट्री बिक्री केंद्रों की निरंतर निगरानी के निर्देश दिए हैं. प्रभावित क्षेत्रों में चेतावनी के बोर्ड लगा दिए गए हैं, ताकि लोग सतर्क रहें. बर्ड फ्लू एक वायरल संक्रमण है जो मुख्य रूप से पक्षियों और कुछ स्तनधारियों में फैलता है.

YouTube देख आया सपना, बिना UPSC क्लियर किए बन गए 'IAS'... शादी में 15 लाख कैश लेने वाले प्रीतम का सच
YouTube से IAS बनने का सपना देखने वाला प्रीतम निषाद आखिरकार पुलिस पूछताछ में टूट गया. गोरखपुर में फर्जी अफसर बनकर शादी रचाने वाले आरोपी ने कबूला कि उसने UPSC की परीक्षा कभी पास नहीं किया. 15 लाख लेकर शादी करने, दो शादियों और झूठी पहचान बनाने का भी राज खुल गया है. अब पुलिस उसके पूरे खेल और संभावित नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.

ईरान से जुड़े तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच फोन पर अहम बातचीत हुई है. ये बातचीत 28 फरवरी को ईरान पर अमेरिका-इजरायल हमले के बाद पहली बार हुई है. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर के मुताबिक, दोनों नेताओं ने मध्य-पूर्व की स्थिति और खासतौर पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला रखने पर चर्चा की.

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने राजधानी में सक्रिय एक इंटरनेशनल आर्म्स ट्रैफिकिंग मॉड्यूल का बड़ा खुलासा करते हुए 10 तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है. यह पूरा नेटवर्क पुरानी दिल्ली से ऑपरेट हो रहा था और इसके तार पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश तक जुड़े हुए थे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 21 हाई-टेक विदेशी हथियार और 200 जिंदा कारतूस बरामद किए.

छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में लोगों की नजरें अचानक आसमान पर अटक गईं- 40 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर एक युवक बैठा था. युवक नीचे झांककर ऐलान कर रहा था- पसंद की लड़की से शादी नहीं कराई तो कूद जाऊंगा! करीब 4 घंटे तक चला यह हाई-वोल्टेज ड्रामा लोगों को हैरान करता रहा, जबकि जिस लड़की के लिए यह जिद थी, वह इनकार कर चुकी थी.

दिल्ली के करोल बाग इलाके में झंडेवालान मंदिर के पास मंगलवार देर रात एक डबल डेकर अनियंत्रित होकर पलट गई. इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, वहीं कई अन्य यात्री घायल हुए हैं. जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 25 यात्री सवार थे. फायर डिपार्टमेंट के मुताबिक, राजस्थान की एक बस हनुमान मंदिर चौक के पास पलट गई. इस दौरान यात्रियों का सामान सड़क पर बिखर गया और 23 यात्री घायल हो गए.

दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, PAK से नेपाल के रास्ते आ रहे विदेशी हथियारों का जखीरा बरामद, 10 गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हथियार तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है. पाकिस्तान, नेपाल और बांग्लादेश से जुड़े इस नेटवर्क के 10 गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से सब-मशीन गन सहित 21 विदेशी अत्याधुनिक हथियार बरामद हुए हैं जो दिल्ली-एनसीआर के गैंगस्टरों को सप्लाई किए जाने थे.

13 साल से कोमा में रहे हरीश राणा का आज दक्षिण दिल्ली के ग्रीन पार्क में अंतिम संस्कार कर दिया गया. सुप्रीम कोर्ट से निष्क्रिय इच्छामृत्यु की अनुमति के बाद उनका एम्स में निधन हुआ था. अंतिम विदाई के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा. परिवार, रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि दी. इससे पहले उनके पिता ने एक मैसेज जैसे ही व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा, उसे पढ़ते ही लोगों की आंखों से आंसू निकल आए.






