
Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 14 मार्च 2026 की सुबह की टॉप खबरें और अन्य समाचार
AajTak
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान में हमले को लेकर कहा है कि ये तब खत्म होगा जब उन्हें सही समय लगेगा. बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल हमला हुआ है. अमेरिका ने ईरान के शीर्ष नेताओं की जानकारी देने पर इनाम घोषित किया है.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप फिलहाल ईरान में हमले रोकने के मूड में नजर नहीं आ रहे हैं. वहीं, बगदाद के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले 'ग्रीन ज़ोन' में स्थित अमेरिकी दूतावास पर ईरान ने हमला कर दिया है. दिल्ली सरकार शाहजहानाबाद पुनर्विकास निगम का नाम बदलने की तैयारी कर रही है. पढ़ें शनिवार सुबह की बड़ी खबरें.
'जब मुझे लगेगा, तब खत्म करूंगा ईरान जंग'... ट्रंप ने कहा अमेरिका के पास गोला-बारूद की कमी नहीं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान में अमेरिकी सैन्य अभियान तब खत्म होगा जब उन्हें लगेगा कि सही समय आ गया है. ट्रंप ने इस संघर्ष को खत्म करने के लिए किसी निश्चित समयसीमा को बताने से मना कर दिया. यह जंग लगभग दो हफ्ते पहले तब शुरू हुई थी जब अमेरिकी और इजरायली संयुक्त हमलों में ईरानी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया था.
बगदाद में अमेरिकी एंबेसी पर बड़ा हमला, हेलीपैड पर गिरी मिसाइल, धू-धू कर जला परिसर
इराक की राजधानी बगदाद के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले 'ग्रीन ज़ोन' में स्थित अमेरिकी दूतावास पर एक बड़ा हमला हुआ है. इराकी अधिकारियों के अनुसार, दूतावास परिसर के भीतर मौजूद हेलीपैड को निशाना बनाकर मिसाइल दागी गई है. अभी तक दूतावास के भीतर किसी के हताहत होने या सटीक नुकसान की आधिकारिक पुष्टि अमेरिकी पक्ष से नहीं की गई है.
मोजतबा खामेनेई समेत 10 ईरानी नेताओं पर US ने रखा इनाम, जानकारी देने वाले को मिलेंगे एक करोड़ डॉलर

15 दिनों के लंबे ब्लॉकेज के बाद होर्मुज की समुद्री सीमा से एक भारतीय झंडे वाला जहाज LPG गैस लोडेड होकर सुरक्षित गुजर गया है. इस जहाज का नाम शिवालिक है और यह बिना किसी विशेष सुरक्षा के होर्मुज पार कर रहा है. सूत्रों ने बताया है कि भारतीय नौसेना का युद्धपोत अरब सागर में स्टैंडबाय मोड में तैनात है और निगरानी रख रही है.

मुंबई के दहिसर इलाके के कैप्टन वीरेंद्र विश्वकर्मा और उनके 33 क्रू मेंबर्स कई दिनों से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास फंसे हुए हैं. वे जिस टैंकर की कमान संभाल रहे हैं, उसमें 36 लाख घरेलू गैस सिलेंडरों के लिए एलपीजी लदी है. यह जहाज कुवैत के मीना अल अहमदी बंदरगाह से गुजरात के दीनदयाल कांडला पोर्ट की ओर जा रहा था.

भोपाल में हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग करने वाले गैंग के सरगना को पुलिस ने हल्दी समारोह के दौरान ही मंडप से गिरफ्तार कर लिया. दूल्हे की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही हाथों में मेहंदी और चेहरे पर हल्दी लगाए दुल्हन सीधे थाने पहुंच गई और पुलिस से गुहार लगाने लगी- साहब, मेरी जिंदगी बर्बाद हो जाएगी... अगर हो सके तो कस्टडी में ही हमारे फेरे करा दीजिए.










