
होली के दिन सैफई से अखिलेश यादव का सियासी संदेश, कहा- हम सब लोग बहुरंगी रहें, मन से भी...
ABP News
Holi 2026: Samajwadi Party के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने होली के अवसर पर अपने पैतृक गांव सैफई में लोगों से संवाद किया और त्योहार मनाया.
उत्तर प्रदेश समेत पूरे देश में होली की धूम है. इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इटावा स्थित अपने पैतृक गांव सैफई में परिजनों और समर्थकों के साथ त्योहार मनाया.
इस दौरान सपा चीफ ने कहा कि महात्मा गांधी ने हमे सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया. इस रास्ते को न जाने कितने देशों को अपनाया. न केवल अपनाया बल्कि इससे कई देश आजाद हो गए. हमारा वो देश है जहां जिसने पूरी दुनिया में शांति का पैगाम दिया. इसी देश से जियो और जीने दो का नारा दिया. इसको न केवल अपनाया बल्कि इसको धर्म मानकर एक नई दिशा में समाज को ले गए.
कन्नौज सांसद ने कहा कि जितना खूबसूरत हमारा समाज है, जितनी बेहतरीन हमारी हिन्दुस्तानियत है, हमें अपना भाईचारा बनाकर रखता है. हर त्योहार हमें एक रास्ता दिखाता है. हर त्योहार अन्याय के खिलाफ जीत का संदेश देता है. जब पापी नष्ट होते हैं तब त्योहार मनाया जाता है.
हमने और आपने धरती पर कहीं नहीं देखा होगा जैसा रंगों का त्योहार भारत में मनाया जाता है. ये भारत का त्योहार हमें एक करता है और ये त्योहार हमें यही संदेश देता है हम सब लोग बहुरंगी रहें. मन से भी बहुरंगी रहें.













