
होर्मुज स्ट्रेट पर ट्रंप की नाराजगी के बीच जापान की पीएम पहुंचीं अमेरिका, ईरान जंग पर कहा- हम न्यूक्लियर प्रोग्राम को...
ABP News
जब ट्रंप से पूछा गया कि ईरान पर हमलों से पहले अमेरिका ने जापान जैसे सहयोगियों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी तो उन्होंने 1941 में पर्ल हार्बर पर जापान के हमले का जिक्र कर असहज करने वाली टिप्पणी की.
जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने अमेरिका के साथ मजबूत रिश्तों की बात कही है. उनका यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बात से बेहद नाराज हैं कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज की सुरक्षा में मदद की अपील पर जापान और अन्य देशों ने उन्हें समर्थन नहीं दिया.
ताकाइची ने व्हाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात की. उन्होंने ट्रंप से कहा कि जापान, ईरान के परमाणु कार्यक्रम के विकास का विरोध करता है. उन्होंने ट्रंप से कहा, 'पश्चिम एशिया और अब दुनियाभर में सुरक्षा संबंधी माहौल बहुत गंभीर है लेकिन इसके बावजूद मेरा दृढ़ विश्वास है कि डोनाल्ड, सिर्फ आप ही पूरी दुनिया में शांति स्थापित कर सकते हैं.'
ट्रंप ने भी जापानी प्रधानमंत्री की तारीफ की और ताकाइची को लोकप्रिय और ताकतवर महिला बताया. हालांकि, जब ईरान युद्ध को लेकर जापान के समर्थन पर पत्रकारों ने बार-बार सवाल किए तो दोनों नेताओं के बीच कुछ तनाव भी नजर आया.
अमेरिकी राष्ट्रपति के कार्यालय ‘ओवल ऑफिस’ में बंद कमरे में बैठक से पहले ताकाइची के साथ करीब 30 मिनट की सार्वजनिक मौजूदगी के दौरान जब ट्रंप सवालों का जवाब दे रहे थे, तब ताकाइची अपनी घड़ी देखती हुईं नजर आईं. इसके बाद जब ट्रंप से पूछा गया कि ईरान पर हमलों से पहले अमेरिका ने जापान जैसे सहयोगियों को इसकी सूचना क्यों नहीं दी तो उन्होंने 1941 में पर्ल हार्बर पर जापान के हमले का जिक्र करते हुए विशेष रूप से असहज करने वाली टिप्पणी की.













