
PM मोदी की मिडिल ईस्ट में शांति की पहल, दुनिया के इन नेताओं को लगाया फोन
ABP News
पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए संवाद और कूटनीति की आवश्यकता पर बल दिया. साथ ही स्थिति पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में संघर्ष को कम करने की जरूरत बताई.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्रांस, जॉर्डन, ओमान, मलेशिया और कतर के शीर्ष नेताओं से बात की और उनके साथ पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा की. पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर चिंता जताते हुए क्षेत्र में संघर्ष को कम करने की जरूरत बताई.
प्रधानमंत्री मोदी ने इन नेताओं से टेलीफोन पर अलग-अलग हुई बातचीत में कहा कि पश्चिम एशिया में ऊर्जा ठिकानों पर हमले निंदनीय हैं और इनसे अनावश्यक तनाव बढ़ सकता है. पीएम मोदी ने मिडिल ईस्ट में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए संवाद और कूटनीति की आवश्यकता पर बल दिया.
मोदी ने जॉर्डन के शाह को ईद की शुभकामनाएं दी और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताई
मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, 'मैंने फोन पर अपने भाई, जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय को ईद की शुभकामनाएं दीं. हमने पश्चिम एशिया में बिगड़ती स्थिति पर चिंता व्यक्त की और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए संवाद और कूटनीति की आवश्यकता पर बल दिया. पश्चिम एशिया में ऊर्जा अवसंरचना पर हमले निंदनीय हैं और इनसे अनावश्यक तनाव बढ़ सकता है. भारत और जॉर्डन माल और ऊर्जा के निर्बाध पारगमन के लिए प्रतिबद्ध हैं. क्षेत्र में फंसे भारतीयों की सुरक्षित वापसी में जॉर्डन के प्रयासों की हम तहे दिल से सराहना करते हैं.'













