
Basti News: दुर्गा मंदिरों में चोरी करने वाली महिला गिरोह का पर्दाफाश, सरोज, शीला, गुड़िया और मधु गिरफ्तार
ABP News
Basti News In Hindi: बस्ती पुलिस ने दुर्गा मंदिरों में महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक अंतरराज्यीय महिला गिरोह का पर्दाफाश किया. कप्तानगंज में चार महिलाएं गिरफ्तार, चोरी की चेन और नकदी बरामद.
उत्तरप्रदेश के बस्ती जिले में दुर्गा मंदिरों में दर्शन करने आई महिलाओं को निशाना बनाने वाली एक शातिर अंतर्जनपदीय महिला गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. थाना कप्तानगंज, थाना नगर और SOG की संयुक्त टीम ने 19 मार्च को कप्तानगंज स्थित दुर्गा मंदिर के पास से चार महिलाओं को गिरफ्तार किया. इनके पास से चोरी की सोने की चैन और 20,150 रुपये नकद बरामद हुए. पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
घटना 15 फरवरी 2026 की है. कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भारीनाथ शिव मंदिर में एक महिला पूजा करने पहुंची थी. इसी दौरान अज्ञात महिलाओं ने चालाकी से महिला के गले से सोने की चैन काट ली. पीड़िता की तहरीर पर थाना कप्तानगंज में अपराध संख्या 43/2026 धारा 303(2) BNS के तहत मामला पंजीकृत किया गया. जांच के दौरान पुलिस को इस गिरोह की सक्रियता के सुराग मिले और टीमें लगातार सक्रिय रहीं.
19 मार्च को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस और SOG की संयुक्त टीम ने दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी करते हुए चारों महिलाओं को हिरासत में ले लिया. तलाशी में इनके पास से चोरी की सोने की चैन और 20,150 रुपये नकद मिले. गिरफ्तार सभी महिलाएं संत कबीर नगर जिले की निवासी हैं. सरोज के खिलाफ बस्ती और गोरखपुर के थानों में चोरी और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं. गुड़िया मुंडेरवा थाना क्षेत्र में चोरी के मामलों में लिप्त पाई गई है जबकि शीला और मधु पर भी अन्य वारदातों में शामिल होने की पुष्टि हुई है.
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में कप्तानगंज थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव, थाना नगर थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार, SOG टीम के सदस्य और महिला आरक्षी मनोरमा सरोज व शिल्पा रावत शामिल रहीं. सभी महिलाओं को आवश्यक विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया. पुलिस अब इस गैंग की अन्य वारदातों का भी पता लगाने में जुटी है.













