
ईरान में सेना भेजेगा अमेरिका? मिडिल ईस्ट में जंग के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने साफ कर दी तस्वीर
ABP News
Iran Israel US War: डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका जब चाहे खर्ग द्वीप पर कब्जा कर सकता है. ट्रंप का कहना है कि नाटो के उलट जापान ईरान जंग में सक्रिय भूमिका निभा रहा है.
मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार (19 मार्च 2026) को दावा किया कि ईरान की नेवी और एयरफोर्स खत्म हो चुकी है. उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैनिक कहीं भी तैनात नहीं होंगे. ट्रंप ने दो दिन पहले ही कहा था कि वह ईरान की जमीन पर अमेरिकी सेना उतारने से नहीं डरते.
जापान के पत्रकार ने ट्रंप से पूछा था सवाल कि ईरान पर हमले से पहले अमेरिका ने अपने मित्र-देशों को भरोसे में क्यों नहीं लिया? ट्रंप ने जापान की पीएम की मौजूदगी में हाजिर जवाब देते हुए कहा, 'क्या दूसरे विश्वयुद्ध में जापान ने अमेरिका के पर्ल हार्बर पर हमले से पहले किसी को बताया था कि वे अटैक करने जा रहे हैं.'
ट्रंप ने दोहराया कि ईरान दुनिया के लिए एक गंभीर खतरा है और इस बात से हर देश उनसे सहमत हैं. उन्होंने कहा, 'मैं कहीं भी सेना नहीं भेज रहा हूँ. अगर भेज भी रहा होता तो मैं ये बात किसी को नहीं बताता. ईरान की नौसेना और वायुसेना पूरी तरह खत्म हो चुकी है. उनके एयर डिफेंस सिस्टम खत्म हो चुके हैं. हम जहां चाहें वहां उड़ान भर सकते हैं. कोई हम पर हमला नहीं कर रहा है.'
ट्रंप ने कहा, 'हम जब चाहें तब खर्ग द्वीप पर कब्जा कर सकते हैं. मैं उसे बस एक छोटा द्वीप कहता हूं. वह पूरी तरह असुरक्षित है. हमने वहां कुछ पाइपों को छोड़कर सब कुछ तबाह कर दिया है.' ट्रंप ने कहा, 'हमारे पास दुनिया की सबसे शक्तिशाली सेना है. हमारे पास बेहतरीन उपकरण हैं. हम सबसे बेहतरीन हथियार बनाते हैं. पिछली रात, एक खास जगह पर 114 रॉकेट दागे गए. उन सभी को हमारे उपकरणों ने मार गिराया.'













